जगदलपुर/बस्तर न्यूज
राजीव गांधी वार्ड के आकाश नगर में सावन के पावन अवसर पर आज श्री नर्मदेश्वर शिवालय में महा रुद्राभिषेक एवं भंडारे का आयोजन किया गया। वार्डवासियों के सहयोग से निर्मित इस शिवालय में पूरे सावन माह विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। सुबह 11 बजे से महा रुद्राभिषेक की शुरुआत हुई। भगवान भोलेनाथ के जयकारों के बीच बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चों ने रुद्राभिषेक में हिस्सा लिया। विधि-विधान से पूजन के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जल, दूध, दही, घी, शहद और अन्य पूजन सामग्री से अभिषेक किया। इस दौरान पूरे परिसर में ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयकारे गूंजते रहे।

महा रुद्राभिषेक के पश्चात मंदिर परिसर में महा भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं वार्डवासियों ने प्रसाद ग्रहण किया।
शिवालय समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि वार्डवासियों के सहयोग से निर्मित नर्मदेश्वर शिवालय में सावन के पूरे महीने धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं। आगामी 25 अगस्त को सुबह 11 बजे कांवड़ यात्रा निकाली जाएगी, जिसके बाद महाभंडारे का भी आयोजन होगा। सावन भर नर्मदेश्वर शिवालय में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होते रहेंगे। इन आयोजनों में आकाश नगर सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालु पहुंचकर भगवान शिव की आराधना कर रहे हैं। रविवार को महा रुद्राभिषेक में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी ने सावन की धार्मिक आस्था और उत्साह को और खास बना दिया।



