जगदलपुर

भाजपा सरकार से नहीं संभल रहा प्रदेश, बिजली दरों में बढ़ोत्तरी कर जनता की जेब में डाल रही डाका : कांग्रेस

जगदलपुर/बस्तर न्यूज

छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष सुशील मौर्य व ग्रामीण अध्यक्ष प्रेमशंकर शुक्ला के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी की साय सरकार द्वारा प्रदेश में बिजली दरों में की गई बेतहाशा वृद्धि के विरोध में जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर बिजली विभाग कार्यालय का घेराव कर संबंधित अधिकारी को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंप भाजपा सरकार के जनविरोधी निर्णय के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया।

बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष सुशील मौर्य ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश की साय सरकार से शासन और प्रशासन संभल नहीं रहा है। महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक संकट से जूझ रही जनता को राहत देने के बजाय भाजपा सरकार लगातार जनविरोधी निर्णय लेकर आम नागरिकों की जेब पर डाका डाल रही है। उन्होंने कहा कि बिजली जैसी मूलभूत आवश्यकता पर लगातार बढ़ता आर्थिक बोझ जनता के साथ अन्याय है। उन्होंने ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में जनता को राहत देने की दिशा में अनेक कदम उठाए गए थे, वही भाजपा सरकार द्वारा बिजली दरों में की गई वृद्धि सीधे तौर पर घरेलू एवं गैर-घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ किसानों पर आर्थिक हमला है। उन्होंने बताया कि घरेलू उपभोक्ताओं के लिए बिजली दरों में 30 से 50 पैसे प्रति यूनिट तक की वृद्धि की गई है, जबकि गैर-घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 20 से 40 पैसे प्रति यूनिट तक दरें बढ़ाई गई हैं। इतना ही नहीं, किसानों के कृषि विद्युत शुल्क में भी 40 पैसे प्रति यूनिट की वृद्धि कर दी गई है। जिसका कांग्रेस पार्टी पुरजोर विरोध करती है।

ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रेमशंकर शुक्ला ने कहा कि प्रदेश का किसान पहले से ही खेती की बढ़ती लागत, खाद-बीज एवं डीजल किल्लत से परेशान है। ऐसे समय में कृषि विद्युत दरों में वृद्धि किसानों की मेहनत और आय पर सीधा प्रहार है। इससे खेती की लागत और अधिक बढ़ेगी तथा किसानों की आर्थिक स्थिति कमजोर होगी। भाजपा सरकार किसानों की आय दोगुनी करने का वादा करती है, लेकिन उसके फैसले किसानों को कर्ज और संकट की ओर धकेलने वाले साबित हो रहे हैं। इस दौरान पूर्व विधायक रेखचंद जैन ने भी जनता को संबोधित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *