November 18, 2026

खेतों में बहाया पसीना, अब संवर रहे परिवार के सपने

धमतरी। खेतों में दिन-रात मेहनत कर अन्न उपजाने वाला किसान जब अपनी उपज का उचित मूल्य पाता है, तो उसकी खुशहाली केवल खेतों तक सीमित नहीं रहती, बल्कि पूरे परिवार के जीवन में नई उम्मीदें और सपने लेकर आती है। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के ग्राम भटगांव निवासी किसान ग्वाल राम साहू की कहानी इसी बदलाव की प्रेरक मिसाल है। पांच एकड़ जमीन पर खेती करने वाले ग्वाल राम अपनी मेहनत, धान की बिक्री से होने वाली आमदनी और शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से मिल रही सहायता के सहारे परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर रहे हैं। उन्होंने बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए गांव में 30 डिसमिल जमीन भी खरीदी है, जिस पर अब अपना पक्का मकान बनाने का सपना संजोए हुए हैं।

धान बेचकर परिवार की खुशहाली को मिली नई उम्मीद

खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में ग्वाल राम साहू ने समर्थन मूल्य पर 48 क्विंटल धान का विक्रय किया है। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन टोकन प्रणाली के माध्यम से धान विक्रय के लिए पंजीयन कराने से पूरी प्रक्रिया आसान रही। उपार्जन केंद्र में इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा, पर्याप्त बारदाना, पेयजल, बैठने की व्यवस्था, शौचालय, बिजली और कंप्यूटर जैसी सुविधाएं उपलब्ध होने से उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई। ग्वाल राम बताते हैं कि राज्य शासन द्वारा 3,100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी किए जाने से किसानों को उनकी मेहनत का बेहतर प्रतिफल मिल रहा है। इस दर के अनुसार उनके द्वारा बेचे गए 48 क्विंटल धान का कुल मूल्य एक लाख 48 हजार 800 रुपए होता है। यह राशि खेती के आगामी खर्चों के साथ परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने और भविष्य के लिए बचत करने में सहायक होगी।

योजनाओं ने कम किया घरेलू खर्च, बचत को मिला बढ़ावा

ग्वाल राम साहू के परिवार को खेती से होने वाली आय के साथ विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ भी मिल रहा है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के अंतर्गत उन्हें प्रति वर्ष आर्थिक सहायता प्राप्त होती है। वहीं परिवार की महिलाओं को महतारी वंदन योजना के माध्यम से प्रति माह आर्थिक संबल मिल रहा है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत रसोई गैस कनेक्शन और राशन कार्ड के माध्यम से खाद्यान्न की सुविधा ने घरेलू जरूरतों को पूरा करना आसान बनाया है। ग्वाल राम का कहना है कि इन योजनाओं से परिवार के नियमित खर्चों का बोझ कम हुआ है। इससे खेती से प्राप्त आमदनी का कुछ हिस्सा बचाकर भविष्य की जरूरतों के लिए उपयोग करने का अवसर मिल रहा है।

धान के साथ चने की खेती, अतिरिक्त आमदनी का भी बनाया रास्ता

ग्वाल राम ने अपनी खेती को केवल धान की फसल तक सीमित नहीं रखा है। कृषि से अधिक आमदनी प्राप्त करने के उद्देश्य से उन्होंने खेत में बोर लगवाकर सिंचाई की सुविधा विकसित की है। खरीफ मौसम में धान उत्पादन के साथ रबी मौसम में चने की खेती भी करते हैं। इससे कृषि भूमि का बेहतर उपयोग होने के साथ आय के अतिरिक्त अवसर मिल रहे हैं। उनका मानना है कि खेती में नई सुविधाओं का उपयोग और फसल विविधीकरण किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। धान विक्रय से प्राप्त राशि तथा कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत मिलने वाली आदान सहायता से उन्हें आगामी कृषि कार्यों के लिए आर्थिक संबल मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *