October 17, 2026

खिलाड़ी अनुशासित होकर खेल भावना के साथ मैदान में उतरे : राजस्व मंत्री

बलौदाबाजार। 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ पंडित चक्रपाणि शुक्ल हाई स्कूल मैदान में हुआ। मुख्य अतिथि राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा द्वारा ध्वजारोहण करने और रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल द्वारा प्रतियोगिता के औपचारिक उद्घाटन की घोषणा के साथ ही खेल महाकुंभ का आगाज हो गया। उद्घाटन समारोह की शुरुआत में रायपुर, दुर्ग, बस्तर, बिलासपुर और सरगुजा संभाग से आए 480 खिलाड़ियों की टुकड़ियों ने अनुशासित मार्चपास्ट से मुख्य अतिथि को सलामी दी, जिसके बाद स्कूली छात्राओं की रंगारंग और मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को उत्साह से भर दिया। 3 से 6 अक्टूबर तक आयोजित इस चार दिवसीय आयोजन में प्रदेश भर से आए खिलाड़ी कुराश, रग्बी और नेटबॉल खेलों में अपना दमखम दिखाएंगे। कुराश प्रतियोगिता नगर भवन में 14, 17 और 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिका समूहों के लिए आयोजित होगी, जबकि 14 वर्ष आयु वर्ग का रग्बी मुकाबला सेजेस हिंदी माध्यम स्कूल में और 19 वर्ष आयु वर्ग की नेटबॉल स्पर्धा जिला स्टेडियम के लॉन टेनिस मैदान में संपन्न कराई जाएगी। इस राज्य स्तरीय आयोजन में पांचों संभागों के 240 बालक और 240 बालिका खिलाड़ियों के साथ-साथ 100 ऑफिशियल्स सहित कुल 580 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं।

उद्घाटन समारोह में खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि खेल में हार और जीत एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। जीत जहाँ खिलाड़ी को आगे बढ़ने की राह दिखाती है, वहीं हार अपनी कमियों को पहचानकर उन्हें दूर करने का अवसर देती है। आज के दौर में खेल के प्रति नजरिया पूरी तरह बदल चुका है, जहाँ खिलाड़ी या तो जीतते हैं या नया अनुभव सीखते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से तनावमुक्त और अनुशासित होकर खेल भावना के साथ मैदान में उतरने का आह्वान किया। इसी क्रम में रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने बच्चों को मैदान से जोड़ने की आवश्यकता पर बल देते हुए बताया कि सरकार खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

समारोह के दौरान कुराश के राष्ट्रीय खिलाड़ी ने उपस्थित सभी प्रतिभागियों को खेल के नियमों का निष्ठापूर्वक पालन करने, अनुशासन बनाए रखने और खेल भावना की उच्च परंपराओं को कायम रखने की शपथ दिलाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *