दंतेवाड़ा। कलेक्टर की अध्यक्षता में आज संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जिला सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, दुर्घटना संभावित स्थलों पर आवश्यक सुधार तथा आम नागरिकों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के संबंध में चर्चा की गई।

कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने संबंधित विभागों को जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए समन्वित प्रयास करने और आवश्यक सुरक्षा उपायों को प्राथमिकता से लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से गीदम क्षेत्र के प्रमुख मार्गों पर आवारा पशुओं की समस्या का समाधान करने तथा सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सड़क पर आवारा पशुओं की मौजूदगी और अतिक्रमण के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है, इसलिए संबंधित विभाग इस दिशा में नियमित कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही पैदल यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक स्थानों पर फुटपाथ विकसित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही स्कूलों के आसपास विशेष सतर्कता बरतते हुए सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाने और विद्यार्थियों की आवाजाही को सुरक्षित बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने यातायात नियमों के पालन के लिए आम नागरिकों एवं विद्यार्थियों के बीच नियमित जागरूकता अभियान संचालित करने पर भी बल दिया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन सिंह, अपर कलेक्टर भरतराम ध्रुव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेंद्र खुटे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
