दंतेवाड़ा। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिला रोजगार कार्यालय दंतेवाड़ा, एकलव्य आवासीय विद्यालय कटेकल्याण एवं गीदम के संयुक्त तत्वावधान में अग्निवीर वायु भर्ती को लेकर जवांगा सभागार में कैरियर मार्गदर्शन कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य जिले के युवाओं को भारतीय वायु सेना में उपलब्ध कैरियर एवं रोजगार के अवसरों से परिचित कराते हुए भर्ती प्रक्रिया के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करना रहा।
कार्यशाला में 15 एएससी वायु सेना, भोपाल से पहुंचे अधिकारी जूनियर वारंट अधिकारी आनंद कुमार एवं जूनियर वारंट अधिकारी ए.के. सिंह ने युवाओं को अग्निवीर वायु भर्ती के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए भर्ती के विभिन्न चरणों, पात्रता मापदंड, चयन प्रक्रिया, परीक्षा तथा शारीरिक दक्षता से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं को सरल तरीके से समझाया।
इस दौरान युवाओं को भारतीय वायु सेना में उपलब्ध विभिन्न कैरियर अवसरों, भर्ती की तैयारी की रणनीति तथा आवश्यक शैक्षणिक योग्यताओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने युवाओं को नियमित अध्ययन, अनुशासन एवं शारीरिक फिटनेस पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया। कार्यशाला में उपस्थित विद्यार्थियों एवं युवाओं ने अग्निवीर वायु भर्ती एवं भारतीय वायु सेना में कैरियर से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका अधिकारियों ने विस्तारपूर्वक समाधान करते हुए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। इस अवसर पर युवाओं में रक्षा सेवाओं में कैरियर बनाने को लेकर उत्साह दिखाई दिया।
