दंतेवाड़ा। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर 2026 तक संचालित “स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026” के तहत गांधी जयंती के अवसर पर आज जिला पंचायत दंतेवाड़ा परिसर में स्वच्छता सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी की अध्यक्षता एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत एम. भार्गव के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ।
इस अवसर पर स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत ग्राम पंचायतों में स्वच्छता के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य करने वाली स्वच्छता दीदियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। स्वच्छता दीदियों द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने, स्वच्छता गतिविधियों को निरंतर बनाए रखने, कचरा प्रबंधन को बेहतर बनाने तथा स्वच्छ व्यवहार को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जा रही है। कार्यक्रम में स्वच्छता दीदियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा गया कि जमीनी स्तर पर उनके निरंतर प्रयासों से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता के प्रति लोगों की सहभागिता बढ़ रही है। स्वच्छता कार्यों से जुड़े कर्मियों का सम्मान उन्हें प्रोत्साहित करने के साथ ही समुदाय की भागीदारी को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
इस दौरान स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत जिले में संचालित विभिन्न गतिविधियों एवं जनभागीदारी का उल्लेख करते हुए स्वच्छता को निरंतर जन-अभियान के रूप में आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुंदर ग्रामों के निर्माण के लिए स्वच्छता को अपनी नियमित जिम्मेदारी के रूप में अपनाने तथा समुदाय को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि सामूहिक जिम्मेदारी और सतत जनभागीदारी का विषय है।
