September 16, 2026

प्रतिभा का दमखम दिखाते हुए दंतेवाड़ा की बेटी ने प्रतियोगिता में रौशन किया नाम

दंतेवाड़ा। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के साथ-साथ उनकी तार्किक, रचनात्मक एवं समस्या समाधान क्षमता को विकसित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में शिक्षा विभाग के मार्गदर्शन में आर्सेलरमित्तल निप्पॉन स्टील इंडिया एवं टाइम्स फाउंडेशन द्वारा दंतेवाड़ा विकासखंड के 17 विद्यालयों में ‘द क्रिटिकल थिंकिंग चैंपियनशिप’ का आयोजन किया गया।

‘आलोचनात्मक चिंतन’ विषय पर आयोजित प्रतियोगिता में कुल 487 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में तार्किक सोच, समस्या समाधान क्षमता और रचनात्मक दृष्टिकोण को विकसित करना था। प्रतियोगिता के विभिन्न चरणों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्राथमिक शाला पंडेवार, विकासखंड दंतेवाड़ा की छात्रा फाल्गुनी ठाकुर ने अंतिम चरण के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया है। फाल्गुनी का चयन विद्यालय, ग्राम एवं पूरे जिले के लिए गौरव का विषय है। प्रतियोगिता का अंतिम चरण 18 एवं 19 सितंबर को नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा, जिसमें फाल्गुनी अपनी शिक्षिका के साथ सहभागिता करेंगी।

बालिका का उत्साहवर्धन करते हुए खंड शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार गुप्ता, आर्सेलरमित्तल निप्पॉन स्टील इंडिया के परियोजना अधिकारी अंजैया लुक्का, लोकेश साहू, सीएसआर से योगेश वर्मा एवं संजीव साहू तथा विद्यालय के शिक्षकों ने फाल्गुनी को अग्रिम बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। यह उपलब्धि विद्यार्थियों में आलोचनात्मक एवं रचनात्मक चिंतन विकसित करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की महत्वपूर्ण मिसाल है। ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ नई सोच और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का अवसर प्रदान कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *