दंतेवाड़ा। जिले के गीदम ब्लॉक में नागरिकों को आधार संबंधी सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए नवीन आधार सेवा केंद्र का शुभारंभ किया गया। केंद्र का उद्घाटन गीदम जनपद पंचायत के उपाध्यक्ष दिनेश कौशल एवं जनपद सदस्य मुन्नू राम कश्यप ने फीता काटकर किया। आधार सेवा केंद्र के प्रारंभ होने से क्षेत्र के लोगों को अब आधार नामांकन, संशोधन एवं अन्य आवश्यक सेवाओं के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में नहीं जाना पड़ेगा।
कार्यक्रम के दौरान सीएससी जिला प्रबंधक मिथलेश साहू ने गीदम जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी बलराम ध्रुव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग से आधार सेवा केंद्र के लिए उपयुक्त स्थान उपलब्ध हो सका, जिससे यह सुविधा अब गीदम ब्लॉक के नागरिकों तक सहज रूप से पहुंच सकेगी। नवीन आधार सेवा केंद्र के माध्यम से आधार नामांकन, आधार में संशोधन सहित विभिन्न आवश्यक सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी। इससे नागरिकों का समय और संसाधनों की बचत होगी तथा उन्हें बेहतर, त्वरित और सुविधाजनक सेवाएं प्राप्त होंगी।
उन्होंने गीदम ब्लॉक के सभी नागरिकों से अपील की कि आधार से संबंधित किसी भी कार्य के लिए अब वे नवीन आधार सेवा केंद्र का लाभ उठाएं और शासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही इस सुविधा का अधिकतम उपयोग करें।




