दंतेवाड़ा। बस्तर सांसद महेश कश्यप ने आज एनएमडीसी लिमिटेड, किरंदुल कॉम्प्लेक्स के कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) मद के तहत ग्राम धुरली में 33 करोड़ 60 लाख रूपये के के लागत का सड़क, सोलर हाईमास्ट, सोलर ड्यूल पंप एवं स्ट्रीट लाइट का भूमिपूजन किया।
अपने संबोधन में बस्तर सांसद ने कहा कि खनन क्षेत्रों में सीएसआर मद के तहत खनन कंपनियों को अपने लाभांश की राशि अपने सामाजिक उत्तर दायित्वों के तहत देने का प्रावधान है। परन्तु खेद है कि पूर्ववर्ती शासन वर्षों से इस राशि का सही उपयोग नहीं किया। जिससे यह क्षेत्र वास्तविक विकास से वंचित रहे। परन्तु स्व. अटल बिहारी वाजपेई की दूरदर्शिता से छत्तीसगढ़ राज्य बनने के पश्चात बस्तर जिले का सर्वागीण विकास का सूर्योदय हुआ। और आज प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में जल जंगल जमीन का संरक्षण और टिकाऊ विकास की अवधारणा की अनुरूप धरातलीय क्रियान्वयन किया जा रहा है। साथ ही साथ डीएमएफ और सीएसआर मद की राशियों का पारदर्शितापूवर्क सही और वास्तविक उपयोग संभव हो सका है। स्थानीय ग्रामीणों ने जो प्रमुख मांगे रखी थी, आज उसका भूमिपूजन संपन्न हुआ है। भविष्य में भी क्षेत्र की जनता के मांग के अनुरूप विकास कार्यो को पूरा करने के लिए सदैव प्राथमिकता दी जाएगी।
एनएमडीसी महाप्रबंधक कोड़ली श्रीधर ने भी एनएमडीसी द्वारा विगत वर्षो में एनएमडीसी के सहयोग से किए गए विकास उपलब्धियों की प्रकाश डालते हुए कहा कि एनएमडीसी द्वारा भविष्य में भी जनप्रतिनिधियों और जनता के इच्छाओं के अनुरूप कार्य को मूर्त रूप दिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि एनएमडीसी द्वारा आने वाले समय में खेल प्रोत्साहन के तहत स्थानीय युवाओं के लिए कबड्डी जैसे टूर्नामेंट आयोजित किए जाएगें।
ग्राम हिरोली में हुआ साढ़े 10 करोड़ का भूमिपूजन
इस क्रम में ग्राम हिरोली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सांसद महेश कश्यप ने आदर्श ग्राम हिरोली, समलवार एवं चोलनार में 17 सीसी सड़क निर्माण, 15 सोलर हाईमास्ट, 24 सोलर ड्यूल पंप तथा 3 सोलर स्ट्रीट लाइट सहित विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया।
कार्यक्रम को जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम ने भी संबोधित किया। उन्होंने क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए बस्तर सांसद एवं एनएमडीसी प्रबंधन का आभार व्यक्त करते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की।
इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य तिलेश्वरी नागेश, जनपद पंचायत दंतेवाड़ा अध्यक्ष सुनिता भास्कर, जनप्रतिनिधिगण, सुकालू मुड़ामी, संतोष गुप्ता, रामू नेताम, रमेश गावड़े सहित एनएमडीसी के अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे थे।





