September 17, 2026

फुलपाड़ में हुआ स्वास्थ्य शिविर का आयोजन, ग्रामीण हुए लाभान्वित

किरंदुल/बस्तर न्यूज

ग्रामीण अंचलों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुलभ बनाने और बेहतर चिकित्सा सुविधा पहुंचाने के अपने संकल्प को दोहराते हुए आर्सेलर मित्तल निप्पन स्टील इंडिया किरंदुल द्वारा ग्राम पंचायत फुलपाड़ में एक वृहद स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। कंपनी की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व योजना के तहत आयोजित इस शिविर में स्थानीय ग्रामीणों ने भारी उत्साह दिखाया, जहां अनुभवी चिकित्सा टीम द्वारा कुल 64 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।

इस शिविर का मुख्य उद्देश्य मौसमी बीमारियों की रोकथाम और ग्रामीण आबादी में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता लाना था। शिविर के दौरान कुल 55 मरीजों का गहन उपचार किया गया और उन्हें आवश्यक निशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। स्वास्थ्य जांच के दायरे को विस्तृत करते हुए आधुनिक पैथोलॉजिकल सुविधाओं का भी लाभ दिया गया, जिसके अंतर्गत 35 ग्रामीणों के रक्त के नमूने लेकर उनकी बीपी , शुगर और मलेरिया जैसी गंभीर बीमारियों की जांच मौके पर ही की गई। रिपोर्ट के आधार पर मरीजों को उचित खान-पान और जीवनशैली के संबंध में डॉक्टरी सलाह भी दी गई। इस स्वास्थ्य अभियान को सफल बनाने में स्थानीय पंचायत प्रशासन और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं का अभूतपूर्व योगदान रहा। ग्राम पंचायत फुलपाड़ के सरपंच, कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर और समर्पित मितानिनों ने न केवल ग्रामीणों को शिविर तक लाने में मदद की, बल्कि स्वास्थ्य टीम के साथ समन्वय कर पूरी व्यवस्था का संचालन सुचारू बनाया। सरपंच ने कंपनी के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि पहुंचविहीन क्षेत्रों में इस प्रकार के शिविर न केवल बीमारियों की पहचान करने में मददगार हैं, बल्कि इससे ग्रामीणों के आर्थिक बोझ में भी कमी आती है।

आर्सेलर मित्तल निप्पन स्टील इंडिया किरंदुल प्रबंधन ने इस अवसर पर कहा कि कंपनी स्थानीय समुदायों के सर्वांगीण विकास और विशेषकर स्वास्थ्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में कार्य करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। आने वाले समय में दंतेवाड़ा जिले के अन्य दूरस्थ पंचायतों में भी इसी तरह के विशिष्ट स्वास्थ्य शिविरों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी ताकि कोई भी ग्रामीण बुनियादी चिकित्सा सुविधाओं से वंचित न रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *