जगदलपुर

विश्व म्यूथाई चैंपियनशिप में गूंजेगा बस्तर का नाम, छत्तीसगढ़ टीम में मिला स्थान

जगदलपुर/बस्तर न्यूज

सीनियर वर्ल्ड म्यूथाई चैंपियनशिप और वर्ल्ड स्कूल चैंपियनशिप कुआलालंपुर (मलेशिया) में भाग लेने के लिए छत्तीसगढ़ से 02 महिला और 02 पुरुष म्यूथाई खिलाड़ियों का चयन किया गया है। भारतीय म्यूथाई दल म्यूथाई फेडरेशन के महासचिव श्रीराम चौधरी के नेतृत्व में 16 जून को 30 सदस्यीय सीनियर वर्ग और 18 सदस्यीय स्कूल विद्यार्थियों का भारतीय म्यूथाई दल कोलकाता से कुआलालंपुर (मलेशिया) के लिए रवाना होगा।

उल्लेखनीय हैं कि वर्ल्ड म्यू थाई चैंपियनशिप का आयोजन 16 से 26 जून 2026 तक और वर्ल्ड स्कूल गेम्स का आयोजन 17 – 21 जून 2016 तक कुआलालंपुर (मलेशिया)) में ही किया जा रहा है।

जारी प्रेस विज्ञप्ति में राज्य म्यूथाई संघ के अध्यक्ष लखन कुमार साहू और महासचिव अनीस मेमन और बस्तर जिला म्यूथाई संघ के सचिव अब्दुल मोईन ने बताया कि छत्तीसगढ़ खेल जगत के लिए अत्यन्त गर्व का विषय है कि उक्त दोनों अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं हेतू छत्तीसगढ़ से 02 महिला (कु टिकेश्वरी साहू और कु समिधा अग्रवाल) और 02 पुरुष (युवराज सिंह और प्रवीण कृष्ण जायसवाल) कुल चार खिलाड़ियों का चयन किया गया है, जो भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। उन्होंने आगे जानकारी देते हुए बताया कि अपने वजन वर्ग में पाँच बार की राष्ट्रीय मार्शल आर्ट्स चैम्पियन रायपुर की कु टिकेश्वरी साहू पूर्व में भी चार बार अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं में भारत का प्रतिनिधित्व कर देश के लिए पदक जीत चुकी है और वर्तमान में यूनाइटेड म्यूथाई एसोसिएशन ऑफ इंडिया की नेशनल कोच है। 12वीं कक्षा के अपने वजन वर्ग में पाँच बार के राष्ट्रीय मार्शल आर्ट्स चैम्पियन बस्तर जिले के युवराज सिंह भी पांच बार अंतरराष्ट्रीय म्यूथाई चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व कर पदक जीते है और एशियन यूथ गेम्स 2025 बहरीन में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। इस बार भी ये दोनों खिलाड़ी वर्ल्ड म्यूथाई चैंपियनशिप और वर्ल्ड स्कूल गेम्स हेतू चयनित हुए है। वहीं 11वीं कक्षा की रायपुर की कु समिधा अग्रवाल और प्रवीण कृष्ण जायसवाल भी विगत दो वर्षों से अपने अपने वजन वर्ग के नेशनल चैंपियन होने के कारण क्रमशः वर्ल्ड स्कूल गेम्स और वर्ल्ड म्यूथाई चैंपियनशिप हेतु चयनित हुए है।

उक्त अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए लगभग ढाई लाख रुपये से अधिक का व्यय प्रति खिलाड़ी अनुमानित हैं, जिसे खिलाड़ी स्वयं के स्त्रोत से फेडरेशन को भुगतान करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *