दंतेवाड़ा। कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव के निर्देशानुसार जिले में अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 22 एवं 23 मई 2026 को खनिज विभाग, राजस्व विभाग एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा ग्राम भैरमबंद एवं बालपेट क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान गौण खनिज साधारण रेत का अवैध उत्खनन एवं परिवहन करते पाए जाने पर वाहन चालकों एवं मालिकों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई। संयुक्त टीम द्वारा मौके पर पंचनामा तैयार कर संबंधित वाहनों को जप्त किया गया तथा सुरक्षार्थ कार्यालय कलेक्टर परिसर दंतेवाड़ा में रखा गया है।
कार्रवाई के दौरान कुल 13 वाहनों को जप्त किया गया, जिनमें 02 हाईवा, 01 जेसीबी मशीन, 05 ट्रैक्टर लोडर एवं 05 ट्रैक्टर शामिल हैं। जांच में हाईवा क्रमांक CG17 KW 7009 एवं CG17 KW 6009 के माध्यम से अवैध रेत परिवहन किया जाना पाया गया। इसके अतिरिक्त एक जेसीबी मशीन तथा कई ट्रैक्टर लोडर एवं बिना नंबर के ट्रैक्टरों का उपयोग अवैध उत्खनन एवं परिवहन में किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान संबंधित वाहन मालिकों एवं चालकों के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास तथा विनियमन) अधिनियम 1975 की धारा 21(4) के तहत जप्ती की कार्रवाई की गई है तथा धारा 21(5) के अंतर्गत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन द्वारा पूर्व में भी जिले के खनिज ठेकेदारों एवं परिवहनकर्ताओं को स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि बिना वैध अभिवहन पास के खनिज परिवहन करना दण्डनीय अपराध है। इसके बावजूद अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई की है।




