जगदलपुर/बस्तर न्यूज
बस्तर जिला मुख्यालय जगदलपुर के अंजुमन इस्लामिया कमेटी के चुनाव की मांग को लेकर आज आम मुस्लिम समाज ने पत्रकार भवन में पत्रकार वार्ता किया। जिसमें छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से वक्फ बोर्ड को अंजुमन इस्लामिया कमेटी का चुनाव कराने आदेशित करने की मांग की गई है।
मुस्लिम समाज के प्रतिनिधि मंडल ने प्रेस वार्ता में कहा कि छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड द्वारा जगदलपुर अंजुमन इस्लामिया कमेटी के निष्पक्ष चुनाव हेतु आज से 17 महिने पहले एक चुनाव संचालन समिति का गठन किया गया था। जिसके माध्यम से 3 माह में चुनाव करा कर अंजुमन इस्लामिया कमेटी के गठन हेतु निर्देशित किया गया था, परंतु नगर पालिका निगम चुनाव की आचार-संहिता लागू होने और ईद उल फितर के मद्देनजर उक्त चुनाव संचालन समिति को 3 माह और मोहलत वक्फ बोर्ड द्वारा दी गई। जिसके उपरांत छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड द्वारा उक्त चुनाव संचालन समिति को प्रशासनिक कमेटी का दर्जा देकर जगदलपुर अंजुमन इस्लामिया कमेटी के संचालन हेतु मनोनीत कर दिया गया। जिसके बाद से आज दिनांक तक जगदलपुर अंजुमन इस्लामिया कमेटी का संचालन प्रशासनिक कमेटी कर रही है। मुस्लिम समाज के प्रतिनिधि मंडल ने छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड पर आरोप लगाते हुए कहा कि जगदलपुर की जमात को चुनाव संचालन समिति के नाम पर गुमराह कर वक्फ बोर्ड के द्वारा प्रशासनिक कमेटी को बैठा दिया गया है और एक तरह से पिछले 17 माह से जगदलपुर अंजुमन इस्लामिया कमेटी को वक्फ बोर्ड के द्वारा बंधक बना कर रखा गया है, तथा समाज द्वारा चुनाव कराने की मांग पर पूरी तरह से खामोशी इख्तियार कर ली गई है।
समाज के प्रतिनिधि मंडल ने कहा है कि आगामी बस्तर दौरे पर मुख्यमंत्री के आने पर उन्हें चुनाव हेतु ज्ञापन तथा वक्फ बोर्ड की कार्यशैली, अंजुमन इस्लामिया कमेटी को वक्फ बोर्ड के बंधन से छुड़ाने और जल्द से जल्द निष्पक्ष चुनाव कराने की मांग की जाएगी।
प्रेस वार्ता में जियाउल हक, असद रजा, शेख शाहिद अली, एस के हसन राजा, जावेद खान, समीर खान और सद्दाम रजा उपस्थित रहे।



