दंतेवाड़ा

आत्मसमर्पित हितग्राहियों ने जैविक खेती के प्रशिक्षण की जताई इच्छा

दंतेवाड़ा। जिला प्रशासन द्वारा समाज की मुख्यधारा में लौटे आत्मसमर्पित हितग्राहियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

इसी कड़ी में कलेक्टर देवेश ध्रुव एवं जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा के मार्गदर्शन में जिला परियोजना लाइवलीहुड कॉलेज सोसाइटी द्वारा 134 आत्मसमर्पित हितग्राहियों को एक दिवसीय शैक्षणिक एवं कृषि भ्रमण कराया गया।

​ज्ञात हो कि विगत दिनों इन हितग्राहियों द्वारा जिला प्रशासन के समक्ष कृषि एवं पर्यटन क्षेत्रों के भ्रमण की इच्छा व्यक्त की गई थी।

​उन्नत खेती का लिया जायजा

लाइवलीहुड कॉलेज के प्राचार्य हरीश सिन्हा एवं अन्य प्रशिक्षकों की उपस्थिति में सभी प्रशिक्षणार्थियों को क़ृषि विभाग के अधिकारियो कर्मचारियों एवं भूमगादी के जैबिक क्लस्टर कोर्डिनेटर द्वारा आर्गेनिक (जैविक) खेती की उन्नत तकनीकों का प्रत्यक्ष अवलोकन कराया गया। भ्रमण के दौरान हितग्राहियों ने रासायनिक खादों के बिना कम लागत में अधिक उत्पादन प्राप्त करने की विधियों को बारीकी से समझा। साथ ही, उन्हें जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भी भ्रमण कराया गया।

​विशेष प्रशिक्षण का आग्रह

भ्रमण के दौरान उत्साहित हितग्राहियों ने लाइवलीहुड कॉलेज प्रशासन के समक्ष एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखा। सभी प्रशिक्षणार्थियों ने आग्रह किया कि जिला प्रशासन की ओर से लाइवलीहुड कॉलेज सोसाइटी में उनके लिए विशेष रूप से दो से तीन दिवसीय आवासीय कृषि प्रशिक्षण आयोजित किया जाए। उनका कहना है कि इस प्रशिक्षण के माध्यम से वे ‘घर वापसी’ के उपरांत स्वयं के गांवों में उन्नत किस्म की खेती कर सकें और आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *