September 26, 2026

गृह मंत्री ने सैनिक कल्याण परिसर में नव निर्मित भित्ति चित्रों का किया लोकार्पण

रायपुर। संचालनालय सैनिक कल्याण में उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने भारतीय सशस्त्र सेना के शौर्य और ऐतिहासिक कार्यों को दर्शाने वाले नव निर्मित भित्ति चित्रों का लोकार्पण किया। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि ये भित्ति चित्र सैनिक कल्याण परिसर की बाहरी दीवारों को सुशोभित करते हैं, जो भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना के गौरवशाली योगदान को प्रदर्शित करते हैं। ये चित्र न केवल परिसर की शोभा बढ़ाते हैं, बल्कि युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत भी हैं, जो उन्हें भारतीय सशस्त्र सेनाओं में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित करेंगे।

इस अवसर पर ब्रिगेडियर टी.एस. बावा, सेना मेडल, कमांडर, मुख्यालय छत्तीसगढ़ ओडिशा सब एरिया, एयर कमोडोर एफ.पी. पिंटो, शौर्य चक्र, वायु सेना मेडल, मेन्सन-इन-डिस्पेच, कमांडर, एंटी नक्सल टास्क फोर्स, कमोडोर ए.एस. बिसेन (सेवानिवृत्त), कर्नल एस. रमेश, कार्यवाहक कमांडर, एनसीसी ग्रुप मुख्यालय, रायपुर, सहित कई गणमान्य नागरिक, सैन्य अधिकारी और भूतपूर्व सैनिक उपस्थित थे।

इस दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भारतीय सशस्त्र सेना के जवानों की वीरता, त्याग और समर्पण की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि हमारे सैनिकों का बलिदान और समर्पण देश की सुरक्षा और गौरव का आधार है। उन्होंने भूतपूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया। साथ ही उन्होंने सैनिक कल्याण बोर्ड द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और भविष्य में भी गृह विभाग के सहयोग से इन प्रयासों को और सशक्त करने का विश्वास दिलाया।

कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री ने वीर नारियों और वीर माताओं को शाल, श्रीफल और नकद राशि प्रदान कर सम्मानित किया। इसके अतिरिक्त तीन भूतपूर्व सैनिक हितग्राहियों को कल्याणकारी योजनाओं के तहत धनादेश वितरित किए गए। संचालक सैनिक कल्याण, ब्रिगेडियर विवेक शर्मा, विशिष्ट सेवा मेडल (सेवानिवृत्त) ने राज्य सैनिक बोर्ड की गतिविधियों, कार्यकलापों और भूतपूर्व सैनिकों के लिए केंद्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *