जगदलपुर/बस्तर न्यूज
बाल विवाह जैसी गंभीर सामाजिक कुरीति को समाप्त करने और समाज में इसके प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आज प्रवीर वार्ड में जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। इस दौरान वार्ड पार्षद जाहिद हुसैन ने वार्डवासियों को बाल विवाह के दुष्परिणामों, बच्चों के अधिकारों, शिक्षा के महत्व एवं बाल विवाह निषेध कानून के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
इस अवसर पर पार्षद जाहिद हुसैन ने कहा कि बाल विवाह केवल एक सामाजिक कुरीति नहीं, बल्कि बच्चों के भविष्य, उनके अधिकारों और उनके सर्वांगीण विकास में बाधा उत्पन्न करने वाली गंभीर समस्या है। कम उम्र में विवाह होने से बच्चों की शिक्षा प्रभावित होती है तथा उनके शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक विकास पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। विशेष रूप से बालिकाओं को कम उम्र में विवाह के कारण शिक्षा, आत्मनिर्भरता और अपने सपनों को पूरा करने के अवसरों से वंचित होना पड़ता है। बेटियों को बोझ नहीं, बल्कि परिवार और समाज की ताकत समझना चाहिए। उन्हें बेहतर शिक्षा, समान अवसर और अपने भविष्य के निर्णय लेने की स्वतंत्रता मिलनी चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित वार्डवासियों ने बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के खिलाफ जागरूकता फैलाने और इसे रोकने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।
