November 27, 2026

छत्तीसगढ़ में पहली बार एनएमडीसी स्टील प्लांट से उत्सर्जन की रियल-टाइम निगरानी

जगदलपुर/बस्तर न्यूज

पर्यावरण संरक्षण और औद्योगिक प्रदूषण की निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एनएमडीसी स्टील लिमिटेड ने नगरनार स्थित अपने स्टील प्लांट में इंटरनेट ऑफ थिंग्स आधारित डेटा लॉगर स्थापित किया है। इसके माध्यम से प्लांट के सभी उत्सर्जन स्रोतों को रायपुर स्थित केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सर्वर से जोड़ दिया गया है। इस व्यवस्था से केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण बोर्ड प्लांट के उत्सर्जन संबंधी आंकड़ों की ऑनलाइन एवं रियल-टाइम निगरानी कर सकेंगे। छत्तीसगढ़ में इस तरह की पहल पहली बार किए जाने का दावा किया गया है। आईओटी आधारित यह तकनीक औद्योगिक प्रक्रियाओं की निगरानी, परिचालन दक्षता और पर्यावरणीय मानकों के अनुपालन को अधिक प्रभावी बनाने में सहायक है। एनएसएल ने अपने प्लांट की सभी उत्सर्जन चिमनियों को इस डेटा लॉगर से जोड़ दिया है। इसके अतिरिक्त, प्लांट के गेट नंबर-3 पर स्थापित ऑनलाइन वर्षा जल निगरानी प्रणाली को भी इससे जोड़ा गया है। इस प्रणाली के माध्यम से प्लांट से बाहर निकलने वाले वर्षा जल की निगरानी की जाती है। पर्यावरणीय अनुपालन की स्थिति का जायजा लेने के लिए 25 नवंबर 2026 को छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण बोर्ड के जगदलपुर क्षेत्रीय कार्यालय के अधिकारियों ने आकस्मिक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने ग्रामीणों और एनएसएल के प्रतिनिधियों के साथ प्लांट के आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान निरीक्षण में पाया गया कि प्लांट से कोई हानिकारक प्रक्रिया जनित जल अथवा दूषित जल बाहर नहीं छोड़ा जा रहा है।

एनएसएल ने प्लांट के चारों कोनों पर सतत परिवेशी वायु गुणवत्ता निगरानी प्रणाली भी स्थापित की है। इसके माध्यम से आसपास की हवा में विभिन्न प्रदूषण मानकों की लगातार निगरानी की जाती है। इसके साथ ही, सभी प्रोसेस स्टैक पर सतत उत्सर्जन निगरानी प्रणाली स्थापित है। इन प्रणालियों से प्राप्त रियल-टाइम आंकड़े केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण बोर्ड के सर्वर पर भेजे जाते हैं। इससे उत्सर्जन मानकों में किसी भी प्रकार के विचलन का तत्काल पता लगाने और समय रहते सुधारात्मक कार्रवाई करने में मदद मिलती है। कंपनी के अनुसार, पर्यावरण समीक्षा बैठकों में सामने आए निगरानी संबंधी बिंदुओं पर भी तत्काल कार्रवाई की गई है। आईओटी डेटा लॉगर की स्थापना और उसे रायपुर स्थित केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सर्वर से ऑनलाइन जोड़ना वैधानिक पर्यावरणीय अनुपालन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

एनएसएल का कहना है कि वह केंद्र और राज्य सरकारों से प्राप्त सभी आवश्यक पर्यावरणीय अनुमतियों एवं वैधानिक स्वीकृतियों के अनुरूप कार्य कर रहा है। कंपनी को पर्यावरण प्रबंधन के लिए आईएसओ 14001 प्रमाणन प्राप्त है। इसके अलावा, वह गुणवत्ता प्रबंधन, व्यावसायिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा तथा ऊर्जा प्रबंधन से संबंधित आईएसओ 9001, आईएसओ 45001 और आईएसओ 50001 मानकों का भी अनुपालन करती है। पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को प्लांट परिसर तक सीमित न रखते हुए एनएसएल ने नगरनार स्टील प्लांट के भीतर चार लाख से अधिक पौधे लगाए हैं। इन पौधों के माध्यम से परिसर में हरित आवरण विकसित कर ग्रीन बैरियर तैयार किया गया है। कंपनी के अनुसार, इन पहलों से प्लांट की पर्यावरणीय निगरानी एवं अनुपालन व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी। उत्सर्जन मानकों की निरंतर ऑनलाइन निगरानी, पर्यावरणीय आंकड़ों के त्वरित प्रसारण और वैधानिक पर्यावरणीय आवश्यकताओं के बेहतर अनुपालन में भी सहायता मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *