November 24, 2026

राष्ट्रीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में 30 राज्यों-केंद्रशासित प्रदेशों के 250 खिलाड़ी दिखाएंगे दम

रायपुर। राजधानी के मोवा स्थित आईस्पोर्ट्ज़ बैडमिंटन एरिना में छत्तीसगढ़ बैडमिंटन एसोसिएशन द्वारा आयोजित 5वीं मिनी राष्ट्रीय बैडमिंटन स्पर्धा का शुभारंभ हुआ। चार दिवसीय राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के 30 राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों के 250 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने ने सभी खिलाड़ियों से व्यक्तिगत परिचय प्राप्त किया और उनसे खेल से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। उन्होंने खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी।

बैडमिंटन में धैर्य, एकाग्रता और चपलता जरूरी

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बैडमिंटन केवल शारीरिक क्षमता का खेल नहीं है, बल्कि इसमें धैर्य, चपलता, तेज नजर, पैरों की फुर्ती और तुरंत निर्णय लेने की क्षमता भी जरूरी होती है। इस खेल में प्रत्येक खिलाड़ी को पूरे अनुशासन और एकाग्रता के साथ खेलना पड़ता है। खेल के मैदान में मिलने वाली सीख जीवन में भी सफलता हासिल करने में सहायक होती है। उन्होंने कहा कि ऐसी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं से खिलाड़ियों को देशभर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के साथ खेलने और उनसे सीखने का अवसर मिलता है। यहां से खिलाड़ी नए अनुभव और बेहतर सीख लेकर जाएंगे।

राष्ट्रीय बैडमिंटन स्पर्धा के शुभारंभ के मौके पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक श्रीमती आकांक्षा शिक्षा खलखो, संघ अध्यक्ष विक्रम सिसोदिया, सचिव संजय मिश्रा, कोषाध्यक्ष संजय भंसाली, सुश्री कविता दीक्षित, अनुराग दीक्षित, खेल अधिकारी एवं खिलाड़ी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *