November 20, 2026

सुरक्षित आहार, हमर अधिकार अभियान के तहत खाद्य प्रतिष्ठानों का हुआ निरीक्षण

दंतेवाड़ा। ‘सुरक्षित आहार, हमर अधिकार’ के अंतर्गत जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों का पालन सुनिश्चित कराया जा रहा है। इसी क्रम में बचेली स्थित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मेसर्स आदित्य फास्ट फूड सेंटर एंड डेली नीड्स, न्यू देशी डिलाइट्स रेस्टोरेंट, गांगुली किचन एवं नवाब होटल का जायजा लिया गया। इस दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों के संचालकों को परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने, नियमित रूप से पेस्ट कंट्रोल कराने तथा खाद्य पंजीयन प्रमाण पत्र प्रमुख स्थान पर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही खाद्य कारोबारियों का मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र उपलब्ध रखने, कर्मचारियों को ग्लव्स एवं एप्रन का उपयोग कराने तथा प्रतिष्ठानों में उपयोग किए जा रहे पानी की गुणवत्ता की जांच कराने के निर्देश भी दिए गए।

निरीक्षण के दौरान नियमों के पालन में कमी पाए जाने पर नवाब होटल को सुधार सूचना नोटिस जारी किया गया। वहीं न्यू देशी डिलाइट्स रेस्टोरेंट में पाए गए कालातीत रागी आटा के 11 पैकेट मौके पर ही नष्ट कराए गए।

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा के निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करना तथा आम नागरिकों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है। खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा खाद्य कारोबारियों से नियमों एवं दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए अपने प्रतिष्ठानों में स्वच्छता बनाए रखने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *