October 18, 2026

23 राज्यों के स्वदेशी उत्पादों से सजा मेला, खरीदारों से बढ़ेगी रौनक

जगदलपुर/बस्तर न्यूज

शहर के लालबाग मैदान में आज स्वदेशी मेले का भव्य शुभारंभ हुआ। 18 से 25 अक्टूबर तक आयोजित इस मेले में देश के 23 राज्यों के विभिन्न स्वदेशी उत्पादों एवं पारंपरिक वस्तुओं की प्रदर्शनी और बिक्री होगी। मेले का उद्देश्य स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहित करना, स्थानीय व्यापार एवं उद्यमिता को बढ़ावा देना और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना है।

स्वदेशी को अपनी दिनचर्या में शामिल करें : केदार कश्यप

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि स्वदेशी केवल एक विचार नहीं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का माध्यम है। हमें स्वदेशी उत्पादों को अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए। जब हम देश में बने उत्पादों को प्राथमिकता देंगे, तब स्थानीय कारीगरों, छोटे व्यापारियों और उद्यमियों को प्रोत्साहन मिलेगा तथा रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

वर्तमान परिवेश में स्वदेशी अपनाना आवश्यक : किरण सिंह देव

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव ने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिवेश में स्वदेशी अपनाना अत्यंत आवश्यक है। प्रधानमंत्री का सपना है “स्वदेशी देश हो अपना।” स्वदेशी उत्पादों को अपनाकर हम देश की आर्थिक मजबूती, स्थानीय उद्योगों के विकास और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। स्वदेशी की भावना को प्रत्येक नागरिक को अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए।

विकसित भारत 2047 की दिशा में बढ़ रहा देश : सांसद

बस्तर सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित भारत 2047 के लक्ष्य के साथ स्वावलंबन की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। स्वदेशी उत्पाद देश की आर्थिक आत्मनिर्भरता की मजबूत नींव हैं।

कार्यक्रम के प्रारंभ में स्वागत समिति के अध्यक्ष श्याम सोमानी ने स्वागत भाषण देते हुए अतिथियों का अभिनंदन किया। उन्होंने स्वदेशी मेले के आयोजन के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन स्वदेशी उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने और नागरिकों को भारतीय उत्पादों के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के अंत में स्वदेशी मेले के संयोजक किशोर पारख ने सभी अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। स्वदेशी मेले के माध्यम से जगदलपुर में देश की विविधता, स्थानीय उद्यमिता और आत्मनिर्भर भारत की भावना का संगम देखने को मिलेगा। आयोजकों ने शहरवासियों से 25 अक्टूबर तक लालबाग मैदान पहुंचकर मेले का अवलोकन करने तथा स्वदेशी उत्पादों को अपनाकर देश की आर्थिक मजबूती में सहभागी बनने की अपील की।

मंच पर रहे ये प्रमुख अतिथि

कार्यक्रम में बेवरेज कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष श्रीनिवास मद्दी, महापौर श्रीनिवास मिश्रा, राजाराम तोडेम, दशरथ कश्यप, खेम सिंह देवांगन, किशोर पारेख, सुब्रत चाकी, डॉ. राम राकेश जांगिड़, अनिल लुंकड़ एवं श्रीमती कल्पना शर्मा सहित अन्य गणमान्य अतिथि मंच पर उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *