October 16, 2026

सोंढुर नदी के तट पर रिवर कैंपिंग से ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने की पहल

धमतरी। सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत धमतरी जिले के ग्राम घीकुड़िया में 14 अक्टूबर को सोंढुर नदी के किनारे रिवर कैंपिंग एवं ग्रामीण पर्यटन प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्राकृतिक सौंदर्य, विस्तृत रेतीले तट और समृद्ध ग्रामीण संस्कृति के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में ग्रामीण महिलाओं, युवतियों, बच्चों, बुजुर्गों और पर्यटन विशेषज्ञों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय समुदाय को पर्यटन गतिविधियों से जोड़ना, ग्रामीण सांस्कृतिक विरासत को प्रोत्साहित करना तथा पर्यटन के माध्यम से आजीविका के नए अवसरों की संभावनाओं को तलाशना था।

लोक संस्कृति और पारंपरिक कलाओं को पर्यटन से जोड़ने पर जोर

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों के साथ स्थानीय लोकसंस्कृति, पारंपरिक कलाओं और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण तथा पर्यटन में उनके उपयोग पर चर्चा की गई। गांव में प्रचलित ददरिया, राउत नाचा, बाँसगीत, मानस पाठ और अन्य लोकविधाओं को पर्यटकों के समक्ष प्रस्तुत करने की संभावनाओं पर विचार किया गया। ग्रामीण पर्यटन को केवल प्राकृतिक स्थलों के भ्रमण तक सीमित न रखते हुए पर्यटकों को स्थानीय जीवनशैली, लोकसंगीत, पारंपरिक कलाओं और ग्रामीण परिवेश का अनुभव भी कराया जाना चाहिए। सोंढुर नदी के तट पर बांसुरी वादन और पारंपरिक बाँसगीत की प्रस्तुति ने कार्यक्रम को विशेष आकर्षण प्रदान किया। नदी का शांत वातावरण और लोकसंगीत की मधुर स्वर लहरियां ग्रामीण संस्कृति से आत्मीय परिचय कराने का माध्यम बनीं।

तारों भरे आकाश के नीचे टेंट कैंपिंग का अनुभव

रिवर कैंपिंग के अंतर्गत सोंढुर नदी के रेतीले तट पर टेंट लगाए गए, जहां प्रतिभागियों ने रात्रि विश्राम किया। खुले आकाश के नीचे नदी किनारे कैंपिंग का अनुभव कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा। कैंपिंग स्थल पर रात्रि भोजन और सुबह के नाश्ते की व्यवस्था भी की गई। इस गतिविधि के माध्यम से ग्रामीणों को पर्यटकों के लिए आवास, भोजन, अतिथि सत्कार और अन्य स्थानीय सुविधाएं विकसित करने की संभावनाओं से परिचित कराया गया। कार्यक्रम में गांव की युवतियों की भागीदारी भी उल्लेखनीय रही। उनके लिए टेंट कैंपिंग का अनुभव नया और उत्साहवर्धक रहा। इससे ग्रामीण युवतियों में पर्यटन संबंधी गतिविधियों से जुड़ने और भविष्य में स्थानीय स्तर पर सेवाएं उपलब्ध कराने की संभावनाओं के प्रति रुचि दिखाई दी।

सामुदायिक पर्यटन से गांव में रोजगार की नई संभावनाएं

घीकुड़िया में आयोजित यह कार्यक्रम रिवर कैंपिंग तक सीमित न रहकर स्थानीय समुदाय की भागीदारी से पर्यटन विकास की संभावनाओं को समझने और परखने का प्रयास रहा। सोंढुर नदी के रेतीले तट, पक्षी विविधता, कमार जनजाति की पारंपरिक जीवनशैली, स्थानीय लोककलाओं, पारंपरिक भोजन और ग्रामीण परिवेश को एक साथ जोड़कर यहां विशिष्ट पर्यटन अनुभव विकसित किए जा सकते हैं।

रिवर कैंपिंग, पक्षी अवलोकन, लोकसंगीत, ग्रामीण सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और स्थानीय जीवन से जुड़ी अनुभवात्मक गतिविधियां भविष्य में सामुदायिक पर्यटन के महत्वपूर्ण आधार बन सकती हैं। इससे स्थानीय महिलाओं, युवाओं, पारंपरिक कलाकारों और अन्य ग्रामीण परिवारों के लिए आय के नए अवसर सृजित करने की संभावनाएं हैं। इसके साथ ही पर्यटन गतिविधियों के संचालन में पर्यावरण संरक्षण, नदी की स्वच्छता, प्लास्टिक कचरे के उचित प्रबंधन और प्राकृतिक संसाधनों के संवेदनशील उपयोग पर भी ध्यान देना आवश्यक है। घीकुड़िया में आयोजित रिवर कैंपिंग एवं ग्रामीण पर्यटन प्रशिक्षण कार्यक्रम ने यह रेखांकित किया कि ग्रामीण पर्यटन की वास्तविक पहचान वहां की प्राकृतिक संपदा, स्थानीय लोगों की संस्कृति, पारंपरिक ज्ञान और सामुदायिक सहभागिता में निहित है। इन विशेषताओं को संरक्षित रखते हुए पर्यटन गतिविधियों को विकसित किया जाए, तो घीकुड़िया सोंढुर नदी के तट पर प्रकृति, संस्कृति और सामुदायिक सहभागिता पर आधारित पर्यटन स्थल के रूप में अपनी पहचान बना सकता है। इससे ग्रामीणों की आजीविका को नई दिशा देने और क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को व्यापक पहचान दिलाने की संभावनाएं भी मजबूत होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *