October 15, 2026

प्रदेश की अंतरराष्ट्रीय जूडो रेफरी एशियन पैरा गेम्स हेतु जाएंगी जापान

भिलाई/बस्तर न्यूज

छत्तीसगढ़ प्रदेश जूडो संघ ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि डीपीएस भिलाई की व्यायाम शिक्षिका एवं अंतरराष्ट्रीय जूडो रेफरी सुश्री किरण शर्मा जापान के नागोया में आयोजित होने वाले एशियन पैरा गेम्स 2026 में जूडो प्रतियोगिता के दौरान रेफरी की महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। उनकी इस उपलब्धि से छत्तीसगढ़ के खेल जगत में हर्ष का माहौल है। सुश्री किरण शर्मा इससे पूर्व भी विभिन्न अंतरराष्ट्रीय जूडो प्रतियोगिताओं में रेफरी एवं तकनीकी अधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। उनके अनुभव, समर्पण और जूडो के प्रति प्रतिबद्धता ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान किया है। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि का श्रेय सुश्री किरण शर्मा ने अपने गुरु एवं प्रेरणास्रोत अरुण द्विवेदी के मार्गदर्शन और पिता विजय शर्मा के प्रोत्साहन को दिया। किरण शर्मा ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके निरंतर सहयोग, प्रेरणा और आशीर्वाद ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

किरण शर्मा की इस उपलब्धि पर छत्तीसगढ़ प्रदेश जूडो संघ के अध्यक्ष अरुण द्विवेदी एवं सचिव एस. आर. सोनी ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि किरण शर्मा अंतरराष्ट्रीय मंच पर निष्पक्षता, अनुशासन और खेल भावना के साथ अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए छत्तीसगढ़ एवं भारत का नाम गौरवान्वित करेंगी। छत्तीसगढ़ प्रदेश जूडो संघ के समस्त पदाधिकारियों एवं जूडो परिवार ने उनके सफल कार्यकाल, सुखद यात्रा और उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *