October 6, 2026

खेल को बढ़ावा, खिलाड़ियों को मिला आधुनिक कबड्डी मैट

दंतेवाड़ा। जिले के ग्रामीण अंचलों में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने जिला प्रशासन द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में 4 अक्टूबर को इंडोर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ग्राम टिकनपाल के खिलाडि़यों को अभ्यास के लिए आधुनिक कबड्डी मैट प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में विधायक चैतराम अटामी, जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम, जनपद पंचायत कुआकोंडा अध्यक्ष सुकालू मुड़ामी सहित ग्राम पंचायत टिकनपाल के सरपंच एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

जिला प्रशासन द्वारा इससे पूर्व ग्राम चिकपाल एवं ग्राम बैंगलोर में भी कबड्डी मैट उपलब्ध कराए जा चुके हैं। वहीं ग्राम पंचायत सूरनार एवं ग्राम पंचायत दुगेली में भी कबड्डी मैट प्रदान किया जाना प्रस्तावित है।

विधायक चैतराम अटामी ने बताया कि जिले की बड़ी ग्राम पंचायतों मेटापाल, बारसूर, बड़े तुमनार एवं कासोली सहित अन्य स्थानों पर भी कबड्डी मैट उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जाएगा। जिला प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य गांव-गांव तक खेल सुविधाएं पहुंचाना और ग्रामीण युवाओं को कबड्डी सहित अन्य खेलों से जोड़ना है, ताकि जिले की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल सके। भविष्य में भी आवश्यकता के अनुसार जिले के अन्य गांवों में खेल सामग्री उपलब्ध कराने का कार्य जारी रहेगा।

कार्यक्रम के अंत में सहायक खेल अधिकारी प्रदीप सिंह ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *