जगदलपुर/बस्तर न्यूज
महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल नगरनार द्वारा ग्राम पंचायत नगरनार में स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। अभियान का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण में सामूहिक सहभागिता को प्रोत्साहित करना रहा। इस स्वच्छता अभियान के दौरान नगरनार पंचायत क्षेत्र के सब्जी मंडी परिसर, स्कूल परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई की गई।
इस अवसर पर स्वच्छता का संदेश देते हुए कहा गया कि स्वच्छ परिसर केवल हमारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि स्वस्थ समाज की पहचान है। स्वच्छता को आदत बनाकर ही स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुंदर नगरनार का निर्माण किया जा सकता है।
कमांडेंट राघवेंद्र सिंह की देख रेख में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के जवानों एवं अधिकारियों ने पूरी तत्परता और लगन के साथ स्वच्छता अभियान में सहभागिता निभाई। इस दौरान उपस्थित केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के सदस्यों ने स्वच्छता बनाए रखने तथा अपने आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने की शपथ ली। अभियान के माध्यम से स्वच्छता को केवल एक दिन का कार्यक्रम न मानकर इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश सभी जवानों द्वारा दिया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के अधिकारियों एवं बल सदस्यों की सक्रिय सहभागिता से स्वच्छता अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
अभियान में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल नगरनार के कमांडेंट राघवेंद्र सिंह, डिप्टी कमांडेंट सनिश एम. सहित अन्य अधिकारी एवं बल सदस्य उपस्थित रहे।
