रायपुर। छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी वर्ल्ड नंबर 3 और एशिया के नंबर 1 पैरा-आर्म रेसलर श्रीमंत झा ने एक बार फिर देश और प्रदेश को गौरवान्वित किया है। दिल्ली में आयोजित एशियन पैरा-आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप में उन्होंने +85 किलोग्राम वर्ग में रजत पदक जीतकर भारत का परचम लहराया है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने श्रीमंत झा की इस उपलब्धि पर बधाई दी है और कहा छत्तीसगढ़ के होनहार पैरा एथलीट श्रीमंत झा ने कठिन परिस्थितियों को पार करते हुए जो अंतर्राष्ट्रीय उपलब्धि हासिल की है, वह युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उनकी सफलता प्रदेश के लिए गर्व का विषय है।
श्रीमंत झा ने अपनी जीत भारत के शहीद जवानों को समर्पित करते हुए कहा कि यह मेरे लिए एक विशेष जीत है। मैं हर मैच शहीदों की स्मृति में खेलता हूं और अब मेरा लक्ष्य आगामी अंतर्राष्ट्रीय टूर्नामेंट में देश को फिर से गौरवान्वित करना है। श्री झा जो दोनों हाथों में केवल चार अंगुलियों के साथ जन्मे थे, आज 55 से अधिक अंतर्राष्ट्रीय पदक जीत चुके हैं। वे पैरा-आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप में विश्व स्तर पर तीसरे और एशिया में पहले स्थान पर हैं।
श्रीमंत झा के इस गौरवशाली उपलब्धि पर पीपुल्स आर्म रैसलिंग फेडरेशन इंडिया की अध्यक्ष सुश्री प्रीति झींज्ञानी, छत्तीसगढ़ आर्म रेसलिंग संघ के अध्यक्ष सुरेश बाबे, चेयरमैन बृज मोहन सिंह, सचिव श्रीकांत और कृष्ण साहू ने भी उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।