जगदलपुर/बस्तर न्यूज
हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी होली का रंग खाकी के संग की भावना को आगे बढ़ाते हुए रोटरैक्ट क्लब ऑफ जगदलपुर द्वारा बस्तर पुलिस के जवानों के साथ होली का पर्व मनाया गया। होली का त्योहार जहां पूरा देश अपने परिवार और मित्रों के साथ खुशियों और रंगों के बीच मनाता है, वहीं हमारे बहादुर बस्तर पुलिस के जवान अपने परिवार से दूर रहकर दिन-रात हमारी सुरक्षा में तैनात रहते हैं, ताकि आम नागरिक सुरक्षित वातावरण में इस पर्व का आनंद ले सकें।
जवानों के इसी समर्पण और सेवा भाव के प्रति सम्मान व्यक्त करने के उद्देश्य से रोटरैक्ट क्लब की टीम ने पुलिस जवानों के बीच पहुंचकर ठंडे पानी की बोतलें, स्नैक्स का वितरण करते हुए उन्हें होली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। साथ ही क्लब के सदस्यों ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि जब भी कोई पुलिस जवान धूप में ड्यूटी करते हुए दिखाई दे, तो उनसे एक बार पानी के लिए अवश्य पूछें। गर्मी के इस मौसम में उनकी सेहत और सुरक्षा का ध्यान रखना भी हम सभी का कर्तव्य है, क्योंकि वे हमारी सुरक्षा के लिए खड़े हैं और हम सभी एक परिवार की तरह उनसे जुड़े हैं।
इस अवसर पर रोटरी क्लब के अध्यक्ष मनोज थॉमस, रोटरैक्ट क्लब अध्यक्ष दिव्यांश सिंघल, सचिव शुभम सोनी, आशय मोदी, नेहा पाठक, आसिफ खान, गौरव राव, ऋषभ देवांगन, रोहन देवांगन, सहित क्लब के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।




