जगदलपुर/बस्तर न्यूज
सतनामी समाज ने गुरु घासीदास बाबा की 269 वीं जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई। समाजजनों ने बाबा के जीवन आदर्शों पर चलने का सामूहिक संकल्प लिया। आज सुबह जैत खंभ में विधिवत पूजा-अर्चना, आरती एवं ध्वजारोहण किया गया। ध्वजारोहण पश्चात पारंपरिक पंथी नृत्य का प्रदर्शन हुआ, जिसने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। साथ ही संगोष्ठी में गुरु घासीदास बाबा के विचारों, सामाजिक सुधारों एवं सतनाम संदेश पर विस्तार से चर्चा की गई।

संगोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि बाबा के संदेश सत्य, समानता और सामाजिक समरसता पर आधारित हैं, जो आज के समय में भी उतने ही प्रासंगिक हैं। सतनामी समाज की ओर से गुरु घासीदास जयंती के उपलक्ष्य में मंगलवार को भव्य सतनाम संदेश यात्रा भी निकाली गई थी। जिसमें बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने हिस्सा लिया। गुरु घासीदास जयंती के अवसर पर सतनामी विकास परिषद भवन में आकर्षक झांकी सजाई गई, जो लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही।

स्वास्थ्य जांच शिविर का भी हुआ आयोजन
गुरु घासीदास जयंती के अवसर पर प्रगतिशील सतनामी समाज चिकित्सा प्रकोष्ठ द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। महारानी अस्पताल में पदस्थ डॉ. खूंटे ने अपने स्टाफ के साथ लोगों का बीपी एवं शुगर की जांच की। शिविर का लाभ बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने उठाया।
गुरु घासीदास बाबा ने सामाजिक न्याय का दिया संदेश : पूर्व विधायक

वहीं पूर्व विधायक रेखचंद जैन भी कार्यक्रम में शामिल होकर सतनामी समाज के लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि गुरु घासीदास बाबा ने समाज से जातिगत भेदभाव को मिटाने का संदेश दिया। सत्य ही ईश्वर है, और ईश्वर ही सत्य है की अवधारणा के साथ बाबा ने मानवता, समानता और सामाजिक न्याय का मार्ग दिखाया। उनके विचार आज भी समाज को दिशा देने वाले हैं।




