जगदलपुर/बस्तर न्यूज
सतयुग, द्वापर युग, त्रेतायुग में अलग अलग विरोधी ताकतों से निपटने के लिए अलग अलग शक्तियों का प्रयोग किया गया था। वर्तमान में कलयुग चल रहा है। इस कलयुग में आसुरी व असामाजिक ताकत से निपटने के लिए संघ या संगठन की शक्ति जरुरी है। हमें संगठित होकर इसका मुकाबला करना है।
उक्त बातें बस्तर सांसद महेश कश्यप ने आज गायत्री शक्तिपीठ के तत्वावधान में हुए एक जोन स्तरीय संगोष्ठी को संबोधित करते हुए कही। मुख्य अतिथि बस्तर सांसद ने आगे कहा कि गायत्री परिवार का संगठन बेहद शक्तिशाली है। सत्ता, प्रशासन व आर्थिक संगठन बिखर सकते हैं। यह आध्यात्मिक संगठन नहीं टूटेगा।

गायत्री परिवार के तत्वावधान में बालाजी मंदिर के कल्याण मंडप में एक जोन स्तरीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया था। इस संगोष्ठी को हरिद्वार से आए केंद्रीय प्रतिनिधि सुखदेव सिंह निर्मलकर, परमेश्वर साहू, लेखराम साहू, आदर्श वर्मा व मुख्य ट्रस्टी जयश्री श्रीवास्तव ने भी संबोधित किया। संगोष्ठी में शामिल परिजनों ने बताया कि आगामी वर्ष माता भगवती देवी शर्मा की जन्म शताब्दी है। इसलिए इसे आयोजित करने रुपरेखा तैयार की जा रही है।
गोष्ठी का संबोधित करते सुखदेव सिंह निर्मलकर ने कहा कि आने वाले साल माता भगवती देवी शर्मा जन्म शताब्दी, अखंड ज्योति प्रज्ज्वलन की जन्म शताब्दी व महर्षि अरविंद की जन्म शताब्दी है। इसलिए यह साल त्रिवेणी साधना का वर्ष है। हमें इसे नवयुग के आगमन के तौर पर मनाना है।
कार्यक्रम में ये मौजूद थे
आनंद राम साहू, विकास श्रीवास्तव, निलेश सिंह ठाकुर, गीता शर्मा, सुप्रिया श्रीवास्तव, शारदा पटेल, मीना माथुर, राजीव निगम, उत्तम शर्मा, निशा डडसेना सहित जगदलपुर उप जोन के बस्तर, सुकमा, दंतेवाड़ा व बीजापुर जिले के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में शामिल हुए थे।


