जगदलपुर

बस्तर की पदस्थापना को सौभाग्य समझकर अपनी श्रेष्ठत्तम सेवाएं दे : निवृत्तमान कमिश्नर

जगदलपुर । बस्तर जिला प्रशासन द्वारा निवृतमान कमिश्नर श्याम धावड़े को कल आत्मीय विदाई दी गई। इस दौरान नवपदस्थ कमिश्नर बस्तर डोमनसिंह, पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज सुन्दराज पी., डीआईजी कमलोंचन कश्यप, केएल ध्रुव, कलेक्टर विजय दयाराम के., एसपी शलभ सिन्हा सहित बस्तर संभाग के सभी जिलों के कलेक्टर, सीईओ जिला पंचायत तथा डीएफओ मौजूद रहे। आरंभ में सभी अधिकारियों ने निवृतमान कमिश्नर श्याम धावड़े को पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मानित किया। वहीं नवपदस्थ कमिश्नर डोमनसिंह को पुष्प भेंटकर स्वागत किया गया। बस्तर जिला प्रशासन परिवार द्वारा निवृतमान कमिश्नर को स्मृति चिन्ह भेंटकर उन्हें नवीन पदस्थापना और नए दायित्व के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी गई। ज्ञातव्य है कि राज्य शासन द्वारा अभी हाल ही में निवृतमान कमिश्नर को प्रबन्ध संचालक छत्तीसगढ़ ब्रेवरेज कारपोरेशन नियुक्त किया गया है।

विदाई कार्यक्रम में अपनी सहज अभिव्यक्ति में निवृतमान कमिश्नर श्याम धावड़े ने बस्तर की सेवाओं को साझा करते हुए कहा कि बस्तर की पदस्थापना ने बस्तर को समझकर सर्वोत्तम योगदान देने के लिए प्रेरित किया। जिसके फलस्वरूप यहां की जनता से भावनात्मक लगाव और बस्तर की जरूरत के अनुरूप कार्य कर सुखद अनुभूति मिली है। उन्होंने अधिकारियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि बस्तर के लोग सीधे-सरल और सहज प्रवृत्ति के हैं,आज भी यहां की जनता की आर्थिक सामाजिक विकास के लिए सकारात्मक सोच के साथ बेहतर कार्य करने की जरूरत है। बस्तर की पदस्थापना को सौभाग्य समझकर अपनी श्रेष्ठत्तम सेवाएं बस्तर की जनता को देवें।

आईजी बस्तर सुन्दराज पी. ने कहा कि बस्तर अंचल में अपनी सेवाओं से निवृतमान कमिश्नर ने अमिट छाप छोड़ी है। अंदरूनी ईलाकों के विकास और वहां के लोगों को विकास की मुख्यधारा में जोड़ने के लिए सार्थक प्रयास से बस्तर के दूरस्थ क्षेत्रों में बड़ा बदलाव आया है।

नवपदस्थ कमिश्नर डोमनसिंह ने निवृतमान कमिश्नर के साथ अपने प्रगाढ़ सम्बंध को साझा करते हुए कहा कि उनकी सादगी और सहजता के साथ लोकसेवा सदैव ही इस दिशा निर्देश में निरन्तर अभिप्रेरित करेगी। उन्होंने निवृतमान कमिश्नर से भविष्य में भी मार्गदर्शन प्रदान करने की अपेक्षा व्यक्त करते हुए बस्तर संभाग के लोगों के हितों के प्रति कटिबद्ध होकर सेवाएं देने का भरोसा दिलाया।

बस्तर कलेक्टर विजय दयाराम के. ने कहा कि हमने सर के मार्गदर्शन में निर्विघ्न विधानसभा और लोकसभा निर्वाचन संपन्न करवाए ।

कार्यक्रम में कांकेर कलेक्टर निलेश क्षीरसागर, सुकमा कलेक्टर हरीस एस, कोंडागाँव कलेक्टर कुणाल दुदावत, दंतेवाड़ा कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, बीजापुर अनुराग पांडेय, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, वन मण्डलाधिकारी उत्तम गुप्ता ने अपने अनुभव साझा किए। इस अवसर पर डिप्टी कमिश्नर, जिला बस्तर के अपर कलेक्टर, संयुक्त कलेक्टर, डिप्टी कलेक्टर, तहसीलदार, नायब तहसीलदार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *