जगदलपुर

241 बस्तारिया बटालियन में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया गया

जगदलपुर। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की 241 बस्तरिया बटालियन द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्यालय 241 वाहिनी सेड़वा परिसर में आयोजित इस समारोह में न केवल महिला कार्मिकों ने अपनी सहभागिता दर्ज कराई, बल्कि उनके परिवारजनों ने भी पूरे जोश और उत्साह के साथ हिस्सा लिया। कार्यक्रम की शुरुआत खेल प्रतियोगिताओं के साथ हुई, जिसमें मैदान पर महिलाओं का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। वॉलीबॉल के रोमांचक मुकाबलों से लेकर म्यूजिकल चेयर, फ्रॉग जंप और लेमन स्पून रेस जैसे पारंपरिक खेलों में महिला कार्मिकों और उनके परिजनों ने बढ़-चढ़कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए 241 बस्तरिया बटालियन के कमाण्डेंट हरविन्दर सिंह ने महिलाओं की समाज और सुरक्षा बलों में महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने अपने प्रेरणादायी संबोधन में भारत सरकार और राज्य सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण के लिए चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होने कहा कि महिलाओं को सक्षम और सशक्त बनाने के साथ-साथ उन्हें पढ़ाई और समाज में बराबरी की हिस्सेदारी दिलाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान द्वितीय कमान अधिकारी संजय कुमार एवं उप कमाण्डेंट निरंजन कुमार निराला भी उपस्थित रहे, जिन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के समापन पर खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिला कार्मिकों और प्रथम व द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *