जगदलपुर। महारानी अस्पताल में अत्याधुनिक हेल्थ एटीएम मशीन का विधिवत शुभारंभ सांसद महेश कश्यप ने किया और इसे शहरवासियों की सेवा में समर्पित किया। इस आधुनिक मशीन के माध्यम से अब आमजनों को विभिन्न स्वास्थ्य जांच सुविधाएं त्वरित और सटीक रूप से उपलब्ध हो सकेंगी, जिससे समय रहते बीमारी की पहचान कर बेहतर उपचार सुनिश्चित किया जा सकेगा।
एटीएम न्यू इंडिया एश्योरेंश कंपनी के द्वारा सीएसआर मद से जिले के तीन अस्पतालों महारानी अस्पताल, मेडिकल कालेज अस्पताल डिमरापाल और भानपुरी अस्पताल में स्थापित किया गया है। भानपुरी अस्पताल में वन मंत्री केदार कश्यप के द्वारा हेल्थ एटीएम का शुभारंभ किया गया। साथ ही डिमरापाल मेडिकल कालेज अस्पताल में एटीएम का शुभारंभ चित्रकोट विधायक विनायक गोयल ने किया।
इस अवसर पर बस्तर सांसद ने कहा कि जनस्वास्थ्य की बेहतरी और सुलभ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। हेल्थ एटीएम मशीन के माध्यम से लोगों को कम समय में कई आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण एक ही स्थान पर मिल सकेंगे, जिससे आम नागरिकों को काफी सहूलियत होगी। कार्यक्रम में जगदलपुर विधायक ने इस पहल को जनस्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण कदम बताते हुए इसके माध्यम से नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलने की बात कही।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय बसाक, सिविल सर्जन डॉ. संजय प्रसाद तथा अस्पताल प्रबंधन के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।


