जगदलपुर

कृषक उन्नति योजनांतर्गत जिले के किसानों को मिला होली का तोहफा

जगदलपुर। राज्य सरकार ने कृषक उन्नति योजना के माध्यम से जिले के किसानों की झोली खुशियों से भर दी। वृहद किसान सम्मेलन में जिले के 40,667 किसानों को 205.95 करोड़ रुपये की आदान सहायता राशि का वितरण किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बिलासपुर जिले में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश की लगभग 25 लाख किसानों को 10 हजार 328 करोड़ रुपए से अधिक राशि को किसानों के खातों में हस्तांतरित किया। इस दौरान जगदलपुर में बिलासपुर जिले के कार्यक्रम को वर्चुअल तौर पर देखा गया। जहां मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किसानों से संवाद कर उन्हें समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की अंतर राशि मिलने सहित होली त्योहार की हार्दिक बधाई दी। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित जगदलपुर से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को मोटा धान पर 731 रुपए प्रति क्विंटल की दर से प्रोत्साहन राशि सीधे किसानों के बैंक खाते में अंतरित की गई है। इस योजना का सर्वाधिक लाभ बकावण्ड और बस्तर ब्लॉक के किसानों को मिल रहा है, जहाँ क्रमशः 67.90 करोड़ रुपए और 55.78 करोड़ रुपए की राशि सीधे किसानों के बैंक खाते में अंतरित की गई।

शहर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि हमारी सरकार ने अपने वादे के मुताबिक समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की अंतर की राशि को एकमुश्त देकर किसानों की होली त्योहार की खुशी को दुगुनी कर दी है। राज्य सरकार किसानों के हितों के लिए संवेदनशील होकर पहल कर रही है और वर्तमान बजट में भी उनकी सहायता के लिए अनेक किसान हितैषी प्रावधान किया गया है। जिससे किसानों को उन्नत खेती किसानी के लिए सहूलियत होगी।

विधायक किरण देव ने किसानों को हल्बी में संबोधित करते हुए किसानों को होली त्योहार की हार्दिक बधाई दी और कहा कि हमारी सरकार के निर्णय से किसानों के परिवारों में उत्सव का माहौल है उनकी होली की खुशियां बढ़ गई है। यह हमारी सरकार की किसान हितैषी सकारात्मक प्रयास है।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि महापौर, जिला केंद्रीय सहकारी बैंक अध्यक्ष दिनेश कश्यप, जिला पंचायत कृषि स्थायी समिति के अध्यक्ष कामदेव बघेल सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, कमिश्नर डोमन सिंह, आईजी सुंदरराज पी., कलेक्टर आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *