दंतेवाड़ा। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नालसा, नई दिल्ली एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर के निर्देशानुसार विगत दिवस प्रधान जिला न्यायाधीश संतोष कुमार आदित्य, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती अपूर्वा दांगी, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनन्त दीप तिर्की द्वारा जिला जेल दंतेवाड़ा का औचक निरीक्षण किया गया।
इस दौरान प्रधान जिला न्यायाधीश द्वारा बंदियों से मुलाकात कर उनका हाल-चाल पूछा गया। साथ ही बंदियों द्वारा पूछे गये प्रश्नों एवं समस्याओं का तत्काल निराकरण प्रधान जिला न्यायाधीश द्वारा किया गया। इस निरीक्षण में जिला जेल दंतेवाड़ा की सफाई व्यवस्था, भोजन व्यवस्था संतोषप्रद पाया गया। मौके पर प्रधान जिला न्यायाधीश द्वारा जेल अधीक्षक को जेल नियमावली अनुसार बंदियों को सभी विधिक सुविधाएं उचित रूप से दिये जाने हेतु निर्देशित करते हुए बंदियों को अपने पेनी तिथि में सम्बंधित न्यायालय में अनिवार्य रूप से भेजे जाने हेतु कहा गया। ताकि बंदियों को उनके प्रकरणों की जानकारी होने के साथ-साथ अपने पैरवी करने वाले अधिवक्ताओं से मिलकर अपनी समस्या बताने का समय मिल सके।



