जगदलपुर। बस्तर ओलम्पिक 2025 के तहत संभाग स्तरीय प्रतियोगिता का स्थानीय इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम में विधिवत शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने समूचे बस्तर संभाग के खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान बस्तर संभाग के सभी सातों जिलों के खिलाड़ियों ने आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा कि बस्तर के युवाओं ने इतनी बड़ी संख्या में स्पर्धा में भाग लेकर इस महत्ती आयोजन के सहभागी बने। सबसे ज्यादा खुशी की बात यह है कि बस्तर ओलम्पिक में नुआ बाट के अधिकाधिक प्रतिभागियों ने शामिल होकर इसे ऐतिहासिक बना दिया है। साथ ही बड़ी संख्या में हमारी बेटियां और बहनें हिस्सा लेकर महिला सशक्तिकरण को साबित कर रही हैं। सरकार अंतरराष्ट्रीय स्तर के ओलम्पिक प्रतिस्पर्धा में गोल्ड मेडल, सिल्वर मेडल एवं ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों को तीन-तीन करोड़ एवं दो करोड़ रुपए की सम्मान निधी प्रदान करेगी।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि बस्तर ओलम्पिक यहां के युवाओं को खेल की दृष्टि से आगे बढ़ाए जाने की पहल के साथ उन्हें विकास में सहभागिता निभाने प्रोत्साहित करना है। बस्तर में खेल के अधोसंरचना को और बेहतर किया जाएगा, ताकि खिलाडियों को उचित मंच दिया जा सके। इस दौरान उप मुख्यमंत्री व गृह मंत्री विजय शर्मा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि बस्तर ओलम्पिक युवाओं को विकास के मुख्यधारा से जोड़ने का सकारात्मक प्रयास है। सरकार इस दिशा में लगातार पहल कर बस्तर के अंदरूनी ईलाके के युवाओं को ज्यादा मौके देकर उन्हें प्रोत्साहित कर रही है। वन मंत्री केदार कश्यप और ओलम्पिक में ब्रॉन्ज मेडल सहित अन्य अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं में पदक जीतने वाली खिलाड़ी पद्मश्री एमसी मेरीकॉम ने भी बस्तर ओलम्पिक में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें अपनी शुभकामनाएं दीं।

संचालक खेल एवं युवा कल्याण सुश्री तनुजा सलाम ने स्वागत उद्बोधन में अवगत कराया कि बस्तर ओलम्पिक के संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में बीजापुर, दंतेवाड़ा, कांकेर, कोण्डागांव, नारायणपुर एवं बस्तर जिले के साथ ही नुवा बाट के करीब तीन हजार 500 खिलाड़ी हिस्सा ले रहें है। बस्तर के लिए गौरव का क्षण होने के साथ ही बस्तर के सुनहरे भविष्य के लिए सरकार का बहुत ही अच्छा निर्णय है। इस बस्तर ओलम्पिक में तीन स्तर की स्पर्धा से के जरिये बस्तर प्रतिभाओं को एक मंच दिया जा रहा है।
वहीं रंगारग सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत माता रूकमणी कन्या आश्रम तथा अन्य विद्यालयों की छात्राओं द्वारा मनमोहक प्रस्तुति दी गई।
इस अवसर पर विधायक चित्रकोट विनायक गोयल, विधायक दंतेवाड़ा चैतराम अटामी सहित अन्य जनप्रतिनिधी और कमिश्नर बस्तर डोमन सिंह, आईजी सुंदरराज पी. कलेक्टर हरिस एस, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा तथा जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी, राष्ट्रीय खिलाड़ी किरण पिस्दा एवं खुशबू नाग, सातों जिलोें के नोडल अधिकारी, खेल अधिकारी, खेल प्रशिक्षक एवं खिलाड़ियों के साथ बड़ी संख्या में खेलप्रेमी गणमान्य नागरिक उपस्थित थें।



