जगदलपुर। डीएवी संस्था द्वारा आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता का आज इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम में समापन हुआ। इस आयोजन ने राज्यभर के युवा खिलाड़ियों की खेल प्रतिभा, अनुशासन और जोश का शानदार प्रदर्शन किया।
मुख्य अतिथि पुलिस महानिरीक्षक सुन्दरराज पी. ने अपने प्रेरक उद्बोधन में खेलों के महत्व पर ज़ोर देते हुए कहा, “खेल जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं, जो विद्यार्थियों में अनुशासन, टीमवर्क और आत्मविश्वास का विकास करते हैं। यह केवल जीत या हार के बारे में नहीं है, बल्कि जीवन के लिए महत्वपूर्ण मूल्यों को आत्मसात करने के बारे में है।”

इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में राज्य के 6 क्लस्टरों के अंतर्गत आने वाले 73 डीएवी विद्यालयों से कुल 1023 खिलाड़ियों और 200 प्रशिक्षकों ने भाग लिया। इस दौरान फुटबॉल, बास्केटबॉल, बैडमिंटन, टेनिस और कुश्ती जैसे विभिन्न खेलों का आयोजन हुआ, जिनमें खिलाड़ियों ने ज़बरदस्त ऊर्जा और खेल कौशल का परिचय दिया। समापन का मुख्य आकर्षण रोमांचक रिले रेस रही, जिसमें तेज़ गति और तालमेल के अद्भुत प्रदर्शन ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और स्टेडियम तालियों से गूँज उठा।
पूरे आयोजन के दौरान दुर्ग क्लस्टर ने अपना दबदबा बनाए रखा और शानदार प्रदर्शन करते हुए सबसे अधिक मेडल अपने नाम किए।
समापन अवसर पर भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी सुमित कुमार, रीजनल ऑफिसर प्रशांत, प्राचार्य शैलेश कुमार तथा विभिन्न डीएवी विद्यालयों के प्रभारी प्राचार्यगण और शिक्षकगण उपस्थित रहे।



