जगदलपुर। चित्रकोट महोत्सव भव्यता और सांस्कृतिक विविधता का अनोखा संगम बनकर संपन्न हुआ। इस महोत्सव में पारंपरिक लोक नृत्य, संगीत और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। साथ ही युवाओं ने विभिन्न खेलकूद स्पर्धा में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर परचम लहराया। इसके साथ ही आम लोग और पर्यटक पैरामोटर राईड एवं नोकायन कर रोमांच का अनुभव किए।

चित्रकोट महोत्सव के समापन अवसर पर सांसद बस्तर महेश कश्यप सहित आईजी बस्तर रेंज सुंदरराज पी., कलेक्टर हरिस एस और एसपी शलभ सिन्हा सहित अन्य अधिकारियों ने खेलकूद स्पर्धा और सांस्कृतिक कार्यक्रम के विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
समापन अवसर पर युवाओं के बीच आधुनिक और पारंपरिक धुनों पर आधारित संगीत प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इसके साथ ही लोहण्डीगुड़ा ब्लॉक के स्कूली छात्र-छात्राओं की प्रस्तुति ने दर्शकों को मोहित कर दिया। लोकरंग कांकेर के कलाकारों तथा स्थानीय कलाकारों ने भी अपनी बेहतरीन प्रस्तुति दी। वहीं इंडियन आइडल फेम कलाकार सम्मुख प्रिया ने एक से बढ़कर एक गीतों के माध्यम से देर रात तक दर्शकों को आनन्दित कर दिया। पर्यटकों और स्थानीय लोगों ने बड़े उत्साह से इनका आनंद लिया।

