जगदलपुर/बस्तर न्यूज
आड़ावाल स्थित क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी कार्यालय में बस्तर जिला रेडक्रास सोसाइटी एवं कलेक्टर के मार्गदर्शन में चालकों परिचालकों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं फर्स्ट एड प्रशिक्षण आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ संजय बसाक मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एवं डी. सी. बंजारे क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी के निर्देशानुसार किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सहायता प्रदान करने के लिए अधिक से अधिक लोगों को प्राथमिक उपचार के प्रति जागरूक और प्रशिक्षित करना है, ताकि सड़क सुरक्षा और जन-स्वास्थ्य दोनों को बेहतर बनाया जा सके।
स्वास्थ्य प्रशिक्षण के दौरान डॉ गावड़े एवं स्वास्थ्य टीम ने चालकों-परिचालकों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें प्राथमिक उपचार से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी और व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। शासन के नियमानुसार चालकों-परिचालकों सहित विभिन्न फैक्ट्रियों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए फर्स्ट एड प्रशिक्षण लेना अनिवार्य है। इसी क्रम में हर हाथ प्रशिक्षित अभियान के तहत यह स्वास्थ्य परीक्षण और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
इस अवसर पर अलेक्जेंडर एम चेरियन, मनीष गुप्ता, नरेश मिश्रा, ऋषि भटनागर, धर्मेंद्र महापात्र, संकटा राव सहित अन्य सदस्यों ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे सभी परिचालकों को शुभकामनाएं दीं।




