दंतेवाड़ा

वेतन वृद्धि रोक को लेकर भड़का बस्तर सहकारी बैंक संघ, अनिश्चितकालीन हड़ताल का किया ऐलान

जगदलपुर/बस्तर न्यूज

जिला सहकारी केंद्रीय बैंक कर्मचारी संघ, बस्तर संभाग ने पांच साल से लंबित वेतन वृद्धि की एक सूत्रीय मांग को लेकर आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। आंदोलन की औपचारिक शुरुआत करते हुए कर्मचारियों ने काली पट्टी लगाकर विरोध दर्ज कराया।

संघ ने आंदोलन की चरणबद्ध रूपरेखा तय करते हुए 7 से 16 नवंबर तक सभी कर्मचारी कार्यालयीन समय में काली पट्टी पहनेंगे और लंच टाइम तक नारेबाजी कर शासन के रवैये के खिलाफ आवाज बुलंद करेंगे। इसके बाद 10 नवंबर को सुबह 10:30 से दोपहर 12:30 बजे तक कलमबंद हड़ताल की जाएगी, जिसके दौरान बैंक का कामकाज ठप रहेगा। 11 नवंबर को सभी कर्मचारी सामूहिक अवकाश लेकर प्रधान कार्यालय, जगदलपुर में विरोध प्रदर्शन करेंगे।

संघ के पदाधिकारियों ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा है कि अगर शासन ने उनकी मांगों पर सकारात्मक कदम नहीं उठाया, तो 17 नवंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी, जो मांग पूरी होने तक जारी रहेगी।

कर्मचारियों का कहना है कि वेतन वृद्धि को लेकर शासन और पंजीयक कार्यालय की लंबे समय से चल रही उदासीनता ने कर्मचारियों को आंदोलन के लिए मजबूर कर दिया है। संघ ने यह भी चेतावनी दी है कि यदि शासन ने समय रहते फैसला नहीं लिया, तो धान खरीदी और अन्य प्रमुख कार्यों पर असर पड़ना तय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *