दंतेवाड़ा

डीएवी नवोदय के छात्र छात्राओं को यातायात नियमों की दी गई जानकारी

दंतेवाड़ा/बस्तर न्यूज

पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर. के. बर्मन तथा उप पुलिस अधीक्षक यातायात नसर उल्लाह सिद्धिकी के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस द्वारा डीएवी विद्यालय पातररास दंतेवाड़ा में आज सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य नाबालिग छात्र, छात्राओं को वाहन न चलाने के प्रति जागरूक करना, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने पर होने वाले जुर्माना तथा सजा के प्रावधान के बारे में अवगत कराना तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना रहा।

कार्यक्रम में पुलिस द्वारा छात्र छात्राओं एवं विद्यालय के स्टॉफ को संबोधित करते हुए कहा गया कि सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण यातायात नियमों की अनदेखी है। यदि प्रत्येक व्यक्ति नियमों का पालन करे, तो अधिकांश दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। यातायात पुलिस द्वारा वास्तविक उदाहरणों के माध्यम से लापरवाही से होने वाली दुर्घटनाओं के दुष्परिणामों को भी समझाते हुये हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, ओवरस्पीडिंग से बचाव, नशे की हालत में वाहन न चलाने, मोबाइल फोन का प्रयोग न करने तथा यातायात संकेतों के पालन पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही छात्र, छात्राओं को ’’गुड सेमेरिटन’’ एवं राहवीर योजना के बारे में जानकारी प्रदान करते हुए आम नागरिक द्वारा किसी दुर्घटना में ’’गोल्डर आवर’’ में घायल व्यक्ति की जान बचाने पर शासन द्वारा दिये जाने वाले ईनाम के बारे में बताया गया।

कार्यक्रम में निरीक्षक विजय कुमार राठौर यातायात प्रभारी, सहायक उप निरीक्षक जितेन्द्र त्रिपाठी, यातायात पुलिस स्टॉफ, डीएवी विद्यालय पातररास दंतेवाड़ा के प्राचार्य मृत्युंजय पाणिग्रही, शिक्षकगण एवं छात्र छात्राओं उपस्थिति रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *