दंतेवाड़ा

गैस सिलेंडर एवं पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक, विभाग ने की अफवाहों से दूर रहने की अपील

दंतेवाड़ा । कार्यालय कलेक्टर (खाद्य शाखा) से प्राप्त विज्ञप्ति अनुसार जिले में एलपीजी गैस सिलेंडर तथा पेट्रोल-डीजल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित है। वर्तमान में जिले में कुल 9 गैस एजेंसियां एवं 18 पेट्रोल पम्प संचालित हैं, जहां आवश्यक मात्रा में ईंधन का भंडारण मौजूद है। प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि किसी प्रकार की कमी नहीं है और आपूर्ति पूरी तरह से नियमित एवं सुचारू रूप से जारी है। उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए बुकिंग की समय-सीमा भी निर्धारित की गई है। ग्रामीण क्षेत्रों एवं प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के हितग्राहियों के लिए गैस सिलेंडर बुकिंग हेतु 45 दिन तथा शहरी उपभोक्ताओं के लिए 25 दिन का अंतराल तय किया गया है।

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और पैनिक बुकिंग से बचें। घरेलू गैस सिलेंडर के व्यावसायिक दुरुपयोग, कालाबाजारी एवं जमाखोरी की रोकथाम के लिए जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। उपभोक्ता अपनी समस्याओं एवं शिकायतों के समाधान के लिए दूरभाष नंबर 07856-252412 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा राज्य स्तर पर भी नियंत्रण कक्ष संचालित है, जिसका टोल फ्री नंबर 18002333663 है।
प्रशासन द्वारा सतत निगरानी के लिए खाद्य एवं राजस्व विभाग की विकासखंडवार टीमों का गठन किया गया है। अब तक की कार्रवाई में घरेलू गैस के व्यावसायिक दुरुपयोग के मामलों में 4 प्रतिष्ठानों से 6 गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं। साथ ही, ऑयल कंपनियों के साथ निरंतर समन्वय स्थापित कर जिले में एलपीजी गैस एवं पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति सुचारू बनाए रखी जा रही है।
जिला प्रशासन ने पुनः आमजन से अपील की है कि वे अफवाहों से दूर रहें और किसी भी समस्या की स्थिति में नियंत्रण कक्ष से संपर्क कर सही जानकारी प्राप्त करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *