दंतेवाड़ा। जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए गंजेनार डैम में बोटिंग सुविधा की विधिवत शुरुआत की गई।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्रीमती सुनीता भास्कर अध्यक्ष जनपद पंचायत सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण रमेश गावडे, रामूराम नेताम, सरपंच, उपसरपंच, जनपद पंचायत दंतेवाड़ा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा एवं आमजन मौजूद रहे। अतिथियों द्वारा गंजेनार डैम में बोटिंग का शुभारंभ करते हुए इसे जिले के पर्यटन विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया गया।
उपस्थित ग्रामीणजनों को संबोधित करते हुए अध्यक्ष सुनीता भास्कर ने कहा कि प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण गंजेनार डैम अब पर्यटन के मानचित्र पर अपनी विशेष पहचान बनाएगा और स्थानीय लोगों के साथ-साथ बाहर से आने वाले पर्यटकों को भी आकर्षित करेगा। प्रशासन द्वारा जानकारी दी गई कि गंजेनार डैम में बोटिंग सुविधा आमजन के लिए प्रतिदिन सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक उपलब्ध रहेगी। सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखते हुए यह सुविधा संचालित की जा रही है, ताकि पर्यटकों को सुरक्षित और आनंददायक अनुभव मिल सके।

स्थानीय युवाओं को मिलेगा रोजगार
गंजेनार डैम में बोटिंग की शुरुआत से क्षेत्र के स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। बोट संचालन, सुरक्षा व्यवस्था, टिकट प्रबंधन, रखरखाव एवं अन्य पर्यटन गतिविधियों में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। इससे उन्हं अपने ही क्षेत्र में आजीविका के साधन उपलब्ध होंगे और पलायन पर भी अंकुश लगेगा।
बोटिंग से पर्यटन की नई संभावनाएं
गंजेनार डैम को भविष्य में पिकनिक स्पॉट, प्रकृति भ्रमण स्थल, वाटर टूरिज्म और स्थानीय संस्कृति के प्रदर्शन से जोड़ने की भी संभावनाएं हैं। इससे दंतेवाड़ा जिले की सकारात्मक छवि को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र में पर्यटन आधारित विकास को नई गति मिलेगी। गंजेनार डैम में बोटिंग की यह पहल जिले में विकास, रोजगार और पर्यटन को एक साथ जोड़ने वाला सफल मॉडल बन रही है, जो आने वाले समय में अन्य क्षेत्रों के लिए भी प्रेरणास्रोत सिद्ध होगी।



