दंतेवाड़ा

सड़क सुरक्षा हमारी सभी की सामूहिक जिम्मेदारी : विधायक

दंतेवाड़ा। 36वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का शुभारंभ आज सिटी कोतवाली परिसर में भव्य रूप से किया गया।

कार्यक्रम में विधायक चैतराम अटामी ने अपने उद्बोधन में कहा कि सड़क सुरक्षा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। हेलमेट, सीट बेल्ट का उपयोग, तेज गति से वाहन न चलाना तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने जैसे नियमों का पालन कर हम अनेक दुर्घटनाओं को रोक सकते हैं। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक गौरव राय ने सड़क सुरक्षा माह को प्रभावी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए यातायात नियमों का कड़ाई से पालन और जनसहभागिता अत्यंत आवश्यक है। जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा ने अपने संबोधन में कहा कि सड़क सुरक्षा जागरूकता का संदेश गांव-गांव और स्कूल स्तर तक पहुंचाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सुरक्षित यातायात से न केवल जीवन की रक्षा होती है, बल्कि सामाजिक एवं आर्थिक क्षति को भी रोका जा सकता है। इसके लिए प्रशासन, जनप्रतिनिधि और नागरिकों का सहयोग जरूरी ले।

उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) नसर उल्ला सिद्दीकी ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 01 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026 तक मनाया जाएगा। इस दौरान जिले भर में प्रतिदिन सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें आम नागरिकों, वाहन चालकों, स्कूली विद्यार्थियों एवं युवाओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

इसके पश्चात यातायात जागरूकता “अंजोर रथ” एवं बाइक रैली को विधायक द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेकर सड़क सुरक्षा का संदेश दिया।

कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती पायल गुप्ता, जनपद अध्यक्ष श्रीमती सुनीता भास्कर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम, नगर पालिका उपाध्यक्ष गुप्त कैलाश मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण, गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *