दंतेवाड़ा। दंतेवाड़ा जिले में पशुओं की सुरक्षा एवं उपचार हेतु एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। जिला खनिज न्यास मद से स्वीकृत एम्बुलेंस विथ हाइड्रोलिक स्ट्रेचर सेवा का आज औपचारिक शुभारंभ किया गया। कलेक्टरेट परिसर से विधायक चैतराम अटामी, जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा, अपर कलेक्टर राजेश पात्रे तथा अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में इस एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
इस सेवा का मुख्य उद्देश्य दुर्घटनाग्रस्त, बीमार एवं घायल पशुओं को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाकर उनका समय पर उपचार सुनिश्चित करना है। ’’हाइड्रोलिक स्ट्रेचर’’ की सुविधा से पशुओं को बिना चोट पहुंचाए एम्बुलेंस में लाने ले जाने में आसानी होगी।
विधायक चैतराम अटामी ने कहा कि यह सेवा जिले में पशु संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। अब सड़क दुर्घटना या किसी अन्य आपदा में घायल पशुओं को समय पर उपचार मिल सकेगा, जिससे उनके जीवन को बचाना संभव होगा।




