दंतेवाड़ा। विश्व दिव्यांगता दिवस के अवसर पर जावंगा में विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए जिला स्तरीय एक दिवसीय कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों की छुपी प्रतिभाओं को उजागर करते हुए, उनमें आत्मविश्वास, सामाजिक सहभागिता और आत्मसम्मान को मजबूत करना रहा।
मुख्य अतिथि विधायक चैतराम अटामी ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज का दिन आप सभी के लिए अत्यंत विशेष है, क्योंकि यह दिन विशेष रूप से दिव्यांगजनों की प्रतिभा, साहस और क्षमता को सम्मान देने के लिए समर्पित है। उन्होंने कहा कि ईश्वर किसी को भी अधूरा नहीं बनाता, हर व्यक्ति के भीतर कुछ विशेष गुण और असाधारण क्षमताएँ होती हैं। यदि किसी में एक कमी होती है तो भगवान उसे उसकी पूर्ति के लिए अनेक शक्तियां भी प्रदान करते हैं। उन्होंने बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। जिले के सक्षम विद्यालय के दिव्यांग छात्रों द्वारा घुड़सवारी में जिले का नाम रौशन किया जाना, साथ ही जिले के ही दिव्यांग छात्रों का देश के प्रधानमंत्री के समक्ष अपने हुनर का प्रदर्शन करना काबिले तारीफ है।
जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी ने भी अपने संबोधन में विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के प्रति शुभकामनाएं देते हुए कहा यह बच्चे किसी भी प्रकार से कम नहीं हैं, बल्कि इनकी अंदरूनी प्रतिभा को निखारने और प्रोत्साहित करने की जरूरत है। समाज का दायित्व है कि इन्हें समान अवसर, सम्मान और आत्मविश्वास प्रदान किया जाए, ताकि ये अपने सपनों को साकार कर सकें।
जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा ने विशेष आवश्यकता वाले बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ये बच्चे किसी भी सामान्य बच्चे से कम नहीं हैं। बस आवश्यकता है सही मार्गदर्शन, सहयोग और अवसर की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे के भीतर कोई न कोई विशिष्ट गुण होता है, जिसे निखारकर समाज के सामने लाना हमारा सामूहिक दायित्व है।
उल्लेखनीय है कि समग्र शिक्षा एवं समाज कल्याण विभाग के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में यहां विविध गतिविधियों और कार्यक्रमों जैसे मटका फोड़, बुच्ची बाल, कुर्सी दौड़, जलेबी दौड़, के अलावा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और बौद्धिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। इसके साथ ही कार्यक्रम की प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को पुरस्कार प्रदान किए गए।
इस अवसर जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविन्द कुंजाम, जिला पंचायत सदस्य, जनपद पंचायत सदस्य सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं डीएमसी हरीश गौतम, शिक्षक, शिक्षिकाओं एवं स्कूली बच्चे मौजूद थे।




