दंतेवाड़ा

जिले के छात्र-छात्राएं इसरो श्रीहरिकोटा का करेंगे शैक्षणिक भ्रमण

दंतेवाड़ा। राष्ट्रीय आविष्कार अभियान योजना के अंतर्गत जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग दंतेवाड़ा द्वारा जिले के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को विज्ञान और अंतरिक्ष के क्षेत्र में प्रेरणा देने के उद्देश्य से इसरो (श्रीहरिकोटा) शैक्षणिक भ्रमण के लिए रवाना किया गया। इस अभियान के तहत जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों से विज्ञान एवं शोध में विशेष रुचि रखने वाले 13 छात्र और 17 छात्राओं का चयन किया गया है। इन विद्यार्थियों के साथ में संस्था से शिक्षक भी मार्गदर्शक के रूप में शामिल हैं। यह भ्रमण 5 नवंबर से 10 नवंबर 2025 तक पांच दिवसीय रहेगा। छात्रों के दल को विधायक एवं जन प्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस मौके पर विधायक चैतराम अटामी ने कहा कि दंतेवाड़ा जिले के बच्चों में असीम संभावनाएं हैं। भविष्य की ऐसे ही संभावनाओं को प्रोत्साहन देने स्वरूप बच्चों को अंतरिक्ष अनुसंधान संस्थान जैसे प्रतिष्ठित केंद्रों का अवलोकन कराया जा रहा है। यह हमारे जिले के लिए गर्व की बात है। इस तरह के भ्रमण बच्चों के अंदर विज्ञान और नवाचार के प्रति जिज्ञासा को बढ़ाते हैं और उन्हें भविष्य में वैज्ञानिक, शोधकर्ता और तकनीकी विशेषज्ञ बनने के लिए प्रेरित करेंगे।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविन्द कुंजाम सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद ठाकुर, डीएमसी हरीश गौतम सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *