दंतेवाड़ा/बस्तर न्यूज
समग्र शिक्षा के राष्ट्रीय आविष्कार अभियान अंतर्गत दंतेवाड़ा जिला के प्रारंभिक एवं सेकेंडरी स्तर विद्यार्थियों को शैक्षणिक सत्र 2025-26 में छत्तीसगढ़ राज्य के संभाग भीतर शैक्षणिक भ्रमण के आयोजन हेतु समग्र शिक्षा राज्य कार्यालय रायपुर निर्देशानुसार विद्यार्थियों के सेफ्टी एवं सिक्योरिटी मानकों को ध्यान में रखते हुए तथा भ्रमण का मार्गदर्शन दिया गया। समग्र शिक्षा के राष्ट्रीय आविष्कार अभियान अंतर्गत कलेक्टर देवेश ध्रुव के निर्देश पर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा के मार्गदर्शन में जिला के विभिन्न विद्यालयों से 45 बालिकाएं एवं 45 बालकों तथा 10 शिक्षक शिक्षिकाएं कुल 100 का दल बस्तर संभाग के मुख्यालय जगदलपुर का शैक्षणिक भ्रमण किया।

जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद ठाकुर एवं जिला मिशन समन्वयक हरीश प्रताप गौतम ने हरी झंड़ी दिखाकर जिला मुख्यालय कलेक्ट्रेट परिसर से जिला दल को रवाना करवाया। दल ने बस्तर जिला मुख्यालय के जगदलपुर में स्वर्गीय बलिराम कश्यप स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय डिमरापाल, शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय धरमपुरा, शहीद महेंद्र कर्मा बस्तर विश्वविद्यालय परिसर धरमपुरा, शासकीय शिल्प प्रशिक्षण संस्थान आड़ावाल, माँ दंतेश्वरी मंदिर, बस्तर राजवाड़ा परिसर, माँ दंतेश्वरी हवाईअड्डा, वन विभाग परिसर, भारतीय मानव विज्ञान सर्वेक्षण संग्रहालय, जगदलपुर शहर का भ्रमण किया। विश्वविद्यालय, महाविद्यालयों का प्रयोगशाला, पुस्तकालय, संग्रहालय में शैक्षणिक, कला, संस्कृति व्यवस्था को देखकर बच्चों के मन में बहुत ही ज्ञान विज्ञान का जिज्ञासा दिखाई दी। सहायक परियोजना समन्वयक कमल कर्मकार, शिवानी निषाद एवं गीदम, दंतेवाड़ा, कुआकोंडा एवं काटेकल्याण विकासखंडों से धनराज भास्कर, श्रवण कुमार दुग्गे, कविता वर्मा, पूजा नागेश, महेंद्र साहू, गायत्री पैकरा, मंजू पटेल, हुकुमत सिंह शिक्षक शिक्षिका शामिल रहे।
शैक्षणिक भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार, तार्किक सोच एवं प्रयोगात्मक अधिगम को प्रोत्साहित करना है। शैक्षणिक भ्रमण के माध्यम से विद्यार्थियों को कक्षा शिक्षण से आगे बढ़कर व्यावहारिक अनुभव, वैज्ञानिक जिज्ञासा विशेष रूप से आदिवासी एवं ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए यह अवसर ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक सिद्ध होगा।




