दंतेवाड़ा

भ्रष्ट, निकम्मी, झूठी सरकार को उखाड़ फेंकें : अरुण साव

दन्तेवाड़ा/बस्तर न्यूज

छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में विजय के संकल्प के साथ आज बस्तर संभाग के दंतेवाड़ा जिले में मां दंतेश्वरी की आराधना और विशाल आम सभा के बाद भाजपा की परिवर्तन यात्रा के रथ को छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा के प्रभारी ओम माथुर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव के नेतृत्व में आरंभ हुई परिवर्तन यात्रा में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सांसद अरुण साव ने अपने जोशीले भाषण में कांग्रेस सरकार पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार झूठ की सरकार है, वादा खिलाफी करने वाली सरकार है, इस सरकार को उखाड़ फेंकिए। बस्तर को विकास की यात्रा में फिर से शामिल करना है। बस्तर की जनता कुर्सी में बैठाना जानती है तो उठाना भी जानती है। 5 साल से बस्तर का विकास ठप है, बस्तर के 12 विधायक आदिवासी भाइयों बहनों को लूटने का काम कर रहे हैं। स्वास्थ्य सुविधाओं का अकाल है। टारगेट किलिंग चल रही है। बस्तर के लोगों को प्रधानमंत्री आवास से वंचित रखा गया है। साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में डबल इंजन की सरकार बनाना है, तो नवंबर में कमल खिलाना है । बस्तर की 12 की 12 सीट भाजपा की झोली में दें और कांग्रेस की भ्रष्टाचारी सरकार, अत्याचारी सरकार, झूठी सरकार से छुटकारा पाएं।

भाजपा सरकार के कार्यों का स्मरण कराने आया हूं :  डॉ. रमन

भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कांग्रेस सरकार के 5 साल में सामने आए सारे घोटालों का उल्लेख करते हुए भूपेश बघेल सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि 2000 करोड़ रुपए का शराब घोटाला किया गया। 500 करोड़ कोयला में खा गए। आपके आशीर्वाद से डॉ. रमन तीन बार मुख्यमंत्री रहा है । हमने आपके साथ कंधे से कंधे मिलाकर विकास की कल्पना को साकार करने का काम किया है। बस्तर के कई मुद्दे थे। 2003 में मेरे मुख्यमंत्री बनने के पहले बस्तर की सबसे बड़ी समस्या थी नमक। नमक के बदले हमारे वनवासियों की कीमती वनोपजों को लूटा जाता था। नमक शोषण का औजार बन गया था। उससे मुक्ति दिलाने का काम भाजपा की सरकार ने किया। बस्तर अंधेरे में डूब गया था। हमने उजाला फैलाने इंतजाम किया। फिर कभी बस्तर में अंधेरा नहीं होने दिया। छत्तीसगढ़ में पलायन को रोकने के लिए गरीबों के जीवन में परिवर्तन लाने हमने गरीब परिवारों को 1 रुपये किलो चावल देने की योजना शुरू की। हमने चरणपादुकाएं दी, तो हमारा मजाक उड़ाया गया था। अपने माता बहनों के पैरों की सुरक्षा के तेंदूपत्ता तोड़ने वालों के लिए चरण पादुका दी। वह योजना कांग्रेस सरकार ने बंद कर दी। तेंदूपत्ता तोड़ने वालों का अपमान किया। बस्तर में जितने भी पुल पुलिया स्कूल अस्पताल बने हैं, यह सारे के सारे निर्माण कार्य भाजपा की सरकार ने किए हैं।

छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने विशाल आम सभा को संबोधित करते हुए कहा कि मां दंतेश्वरी का आशीर्वाद लेकर आज परिवर्तन यात्रा का शुभारंभ हुआ है। यह यात्रा विजय के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है और यह संकल्प मां दंतेश्वरी के आशीर्वाद से पूर्ण होगा। प्रधानमंत्री रहते हुए अटल बिहारी वाजपेयी ने छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण किया।

भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सांसद सुश्री सरोज पांडेय ने आम सभा को संबोधित करते हुए कहा कि परिवर्तन यात्रा का मतलब है सत्ता का परिवर्तन। कांग्रेस की सरकार अब भरोसे का सम्मेलन करती है। भूपेश सरकार पर भरोसा तो कांग्रेस को ही नहीं है। कांग्रेस के सम्मेलन में बड़े बुजुर्ग मल्लिकार्जुन आए थे। उनके व्यक्तित्व का यह आलम है कि जब भरोसे के सम्मेलन में बोलने के लिए खड़े हुए, तो कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता उठकर चले गए। केंद्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ की सरकार के भ्रष्टाचार की चर्चा तो दिल्ली तक में होती है। इस सरकार ने भ्रष्टाचार के अलावा कुछ नहीं किया।

इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह, प्रदेश भाजपा सह प्रभारी नितिन नबीन, नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, केंद्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह, भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडे, लता उसेंडी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय, विक्रम उसेंडी, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक, पूर्व सांसद दिनेश कश्यप, पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, सांसद एवं बस्तर संभाग प्रभारी संतोष पांडेय, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, कांकेर सांसद मोहन मंडावी, प्रदेश महामंत्री केदार कश्यप, प्रथम यात्रा के संयोजक एवं विधायक शिवरतन शर्मा, महेश गागड़ा, निरंजन सिन्हा, प्रदेश मंत्री ओजस्वी मंडावी जिलाध्यक्ष चैतराम अटामी, हुंगाराम मरकाम, सहित सभी वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *