Dantewada

छू लो आसमान के विद्यार्थियों ने लहराया परचम, विधायक ने दी बधाई

दंतेवाडा। जिले की आवासीय कोचिंग संस्था “छू लो आसमान” ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एक बार फिर अपनी गुणवत्ता सिद्ध की है। संस्था के बालूद एवं कारली केंद्रों के विद्यार्थियों ने उल्लेखनीय सफलता हासिल कर दंतेवाड़ा जिले का नाम प्रदेशभर में गौरवान्वित किया है।

ज्ञात हो कि प्राप्त परिणामों के अनुसार, बालूद केंद्र से 65 विद्यार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जिनमें से 25 विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त की। इनमें 9 विद्यार्थियों ने 340 से अधिक अंक अर्जित कर एमबीबीएस पाठ्यक्रम में प्रवेश लगभग सुनिश्चित किया है, जबकि 5 विद्यार्थियों का बीडीएस, बीएएमएस एवं पशु चिकित्सा सहित अन्य चिकित्सा पाठ्यक्रमों में चयन सुनिश्चित माना जा रहा है। इसी प्रकार कारली केंद्र से 93 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, जिनमें से 27 विद्यार्थी सफल रहे। इनमें 2 विद्यार्थियों का एमबीबीएस पाठ्यक्रम तथा 6 विद्यार्थियों का बीडीएस, बीएएमएस एवं अन्य चिकित्सा पाठ्यक्रमों में प्रवेश सुनिश्चित माना जा रहा है। इस प्रकार इन दोनों केंद्रों को मिलाकर कुल 158 विद्यार्थियों ने नीट 2026 की परीक्षा में भाग लिया, जिनमें से 52 विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त की। इनमें 11 विद्यार्थियों का एमबीबीएस तथा 11 विद्यार्थियों का बीडीएस, बीएएमएस एवं पशु चिकित्सा सहित अन्य चिकित्सा पाठ्यक्रमों में चयन सुनिश्चित हुआ है। यह उपलब्धि जिले में गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण और विद्यार्थियों की मेहनत का परिणाम है।

इस मौके पर विधायक चैतराम अटामी ने कहा कि दंतेवाड़ा जिले के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पूरे जिले का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने एमबीबीएस सहित विभिन्न चिकित्सा एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में चयनित सभी विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि दंतेवाड़ा में मेडिकल कॉलेज की स्थापना क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। आने वाले समय में जिले में चिकित्सा प्रवेश परीक्षाओं की उच्च स्तरीय कोचिंग सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा, ताकि स्थानीय विद्यार्थियों को बेहतर अवसर मिल सकें। साथ ही मेडिकल कॉलेज में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ने से जिले की स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी तथा क्षेत्रवासियों को बेहतर उपचार की सुविधा प्राप्त होगी।

इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविन्द कुंजाम, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुनीता भास्कर सहित छू लो आसमान संस्था के नोडल अधिकारी वेंकट ताती, अधीक्षक राज पाल, अधीक्षिका श्रीमती रविन्द्र सैनी, संस्था अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *