जगदलपुर

बस्तर के 10 शिक्षकों को मिला पोस्ट ऑफ द मंथ सम्मान

जगदलपुर। शिक्षा के क्षेत्र में नए प्रयोगों और स्कूलों की प्रेरक कहानियों को दुनिया के सामने लाने वाले बस्तर जिले के 10 शिक्षकों को मंगलवार को एक विशेष समारोह में पोस्ट ऑफ द मंथ सम्मान से नवाजा गया। यह सम्मान बस्तर कलेक्टर आकाश छिकारा एवं सहायक कलेक्टर के हाथों प्रदान किया गया। इन शिक्षकों को यह पुरस्कार उनके विद्यालयों में किए जा रहे उत्कृष्ट नवाचारों, रचनात्मक कार्यों और प्रेरणादायक गतिविधियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के लिए दिया गया है।

इस मौके पर कलेक्टर आकाश छिकारा ने कहा कि ऐसे सम्मान न केवल शिक्षकों के उत्साह को बढ़ाते हैं, बल्कि उनके कार्य के प्रति समर्पण को एक नई ऊर्जा भी देते हैं, जिससे स्कूलों में नवाचार, सकारात्मक प्रतिस्पर्धा और शिक्षा के स्तर में सुधार को बढ़ावा मिलता है। कार्यक्रम का समापन सभी सम्मानित शिक्षकों को बधाई और शुभकामनाएँ देने के साथ हुआ, जहाँ उपस्थित अतिथियों ने शिक्षकों से शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के इस सिलसिले को आगे भी निरंतर बनाए रखने का आह्वान किया।

इस अवसर पर सभी सम्मानित शिक्षकों को प्रमाण-पत्र सौंपे गए और अधिकारियों ने उनके उत्कृष्ट प्रयासों की खुलकर सराहना की। साथ ही उन्हें भविष्य में भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षण तथा स्कूल की उपलब्धियों को इसी तरह प्रभावी ढंग से साझा करने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में जिला मिशन समन्वयक अशोक पाण्डेय, विनोबा टीम से हेमंत चंद्र, कुलदीप कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *